Bhiwadi-NCR Crime News: Facebook पर गृहशांति का झांसा देकर लाखों की ठगी, भिवाड़ी पुलिस ने मुख्य आरोपी को उत्तर प्रदेश से दबोचा

SHARE:

Crime@ncrkhabar. com-Bhiwadi.भिवाड़ी में फेसबुक के जरिए गृहशांति और घरेलू समस्याओं के समाधान का झांसा देकर लाखों रुपये और सोने के आभूषण ठगने वाले गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। भिवाड़ी थाना पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी विनोद भार्गव उर्फ सौरभ को उत्तर प्रदेश के कन्नौज से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1.01 लाख रुपये बरामद किए हैं। आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों की भावनाओं का फायदा उठाकर उन्हें ठगी का शिकार बनाता था। पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय के निर्देशन में थाना प्रभारी सचिन शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार परिवादी अर्जुन सिंह निवासी अशोका कॉसमॉस ग्रीन सोसायटी, भिवाड़ी ने 26 मई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी पत्नी सीमा ने अक्टूबर 2025 में घरेलू समस्याओं और गृहशांति के समाधान के लिए फेसबुक पर जानकारी खोजी थी। इसी दौरान उनकी बातचीत असलम, टीना किन्नर और कथित बड़े गुरुजी से हुई। आरोपियों ने पूजा-पाठ और समस्या निवारण के नाम पर लाखों रुपये की मांग की। सबसे पहले 5 अक्टूबर 2025 को एक लाख रुपये बैंक खाते में जमा करवाए गए। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग बहानों से लगातार रुपये मांगे। उन्होंने ‘अहम’ नाम के व्यक्ति को भेजकर नकदी और सोने के आभूषण भी ले लिए। पीड़ित परिवार से 1.25 लाख रुपये, 1.42 लाख रुपये, 90 हजार रुपये सहित कई बार नकद और ऑनलाइन भुगतान करवाए गए। इसके अलावा सोने की चेन, अंगूठी, कानों के झुमके, चार चूड़ियां और सोने का हार भी ले लिया गया। जब पीड़िता ने अपने रुपये और आभूषण वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगे और बाद में मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया। आरोप है कि रुपये नहीं देने पर पीड़िता और उसकी बेटी को जान से मारने की धमकियां भी दी गईं। मामला दर्ज होने के बाद भिवाड़ी पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से जांच शुरू की। तकनीकी विश्लेषण और पारंपरिक पुलिसिंग के जरिए आरोपी विनोद भार्गव की लोकेशन उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में ट्रेस की गई। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसके कब्जे से 1.01 लाख रुपये बरामद किए गए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुका है। उसके खिलाफ सीकर जिले के उद्योगनगर और कोतवाली थानों में वर्ष 2016, 2017 और 2018 में विभिन्न मुकदमे दर्ज हैं।

भिवाड़ी पुलिस की आमजन से अपील 

भिवाड़ी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर गृहशांति, मानसिक अशांति या घरेलू समस्याओं के समाधान के नाम पर पैसे मांगने वाले लोगों से सावधान रहें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

ठगी की रकम और जेवरात

5 अक्टूबर 2025 को बैंक खाते में 1 लाख रुपये जमा करवाए गए।

5 अक्टूबर 2025 को 1.25 लाख रुपये नकद लिए गए।

10 अक्टूबर 2025 को 1.42 लाख रुपये नकद लिए गए।

14 मई 2026 को 90 हजार रुपये नकद और सोने की चार चूड़ियां, हार व अन्य जेवर लिए गए।

18 मई 2026 को 17 हजार रुपये फोनपे से ट्रांसफर करवाए गए।

19 मई 2026 को 20 हजार रुपये नकद लिए गए।

20 मई 2026 को 2 हजार रुपये और 21 मई 2026 को 15 हजार रुपये ऑनलाइन लिए गए।

सोने की चेन, अंगूठी, कानों के इयरिंग समेत अन्य आभूषण भी हड़प लिए गए।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 2
Users Today : 178
Total Users : 4575928
Views Today : 222
Total views : 4596789
Read More