Bhiwadi Crime News: घी बेचने वाली महिलाओं ने दिया लाखों की ठगी को अंजाम, 14 लाख नकद और सोने के जेवर ठगे

SHARE:

Crime@ncrkhabar. com-Bhiwadi.भिवाड़ी के यूआईटी सेक्टर-8 में घी बेचने के बहाने घर में घुसी दो महिलाओं और उनकी बेटी पर एक परिवार को झांसे में लेकर 14 लाख रुपये नकद तथा लाखों रुपये मूल्य के सोने के आभूषण ठगने का आरोप लगा है। पीड़ित की शिकायत पर भिवाड़ी फेज थर्ड थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यूआईटी सेक्टर-8 निवासी विशाल अग्रवाल पुत्र राजन अग्रवाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी महिलाएं पिछले करीब दो वर्षों से समय-समय पर उनके घर घी बेचने के लिए आती थीं। इसी दौरान परिवार से उनका परिचय हो गया और घरवालों का उन पर विश्वास बन गया। विशाल अग्रवाल के अनुसार 20 जून को दोनों महिलाएं अपनी बेटी के साथ फिर उनके घर पहुंचीं। इस बार उन्होंने सोना बेचने की बात कही। उनकी मां ने सोना खरीदने से इनकार कर दिया, लेकिन आरोप है कि इसके बाद महिलाओं ने उन्हें और उनकी मां को अपने प्रभाव में लेकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया।

पीड़ित का आरोप है कि महिलाओं ने परिवार को सम्मोहित जैसी स्थिति में पहुंचा दिया, जिसके बाद घर में रखे 14 लाख रुपये नकद, तीन सोने के हार, छह सोने की अंगूठियां, तीन कानों के कुंडल, चार सोने के कड़े और दो सोने की चेन लेकर फरार हो गईं। घटना का पता चलने पर परिवार ने पुलिस को सूचना दी।

विशाल अग्रवाल ने बताया कि वारदात को अंजाम देने वाली महिलाएं पहले भी कई बार घर आ चुकी थीं। इसी कारण परिवार को उन पर कोई संदेह नहीं हुआ। आरोपित महिलाओं में एक बुजुर्ग और दूसरी कम उम्र की भारी शरीर की महिला बताई गई है। दोनों गुजराती भाषा में बातचीत करती हैं। कम उम्र की महिला का नाम सोनल बताया गया है, जो बातचीत के दौरान महिलाओं को “रानी मां” कहकर संबोधित करती थी।

भिवाड़ी फेज थर्ड थाना प्रभारी विक्रम सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपित महिलाओं के आने-जाने के रास्ते और समय का पता लगाया जा सके। पुलिस टीम को आरोपितों की तलाश में लगाया गया है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 2
Users Today : 178
Total Users : 4575928
Views Today : 222
Total views : 4596789
Read More