

Crime@ncrkhabar. com-Bhiwadi/Khairthal-Tijara. झूठे आपराधिक मुकदमे दर्ज कराने वालों के खिलाफ भिवाड़ी व खैरथल तिजारा पुलिस ने सख्त अभियान चलाया है। निष्पक्ष जांच और मजबूत साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय में प्रभावी पैरवी का परिणाम यह रहा कि भिवाड़ी जिले के पांच मामलों में झूठी शिकायत करने वाले परिवादियों को सजा मिल चुकी है। वहीं, भिवाड़ी जिले में कुल 40 और खैरथल-तिजारा जिले में 45 मामलों में न्यायालय में इस्तगासे पेश किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि झूठे मुकदमों के कारण पुलिस और न्यायालय के बहुमूल्य समय के साथ सरकारी संसाधनों की भी बर्बादी होती है। इससे वास्तविक पीड़ितों को समय पर न्याय मिलने में भी देरी होती है। ऐसे मामलों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच कर रही है और झूठी शिकायत पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसपी ने बताया कि भिवाड़ी के पांच मामलों में न्यायालय ने पुलिस द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों और प्रभावी पैरवी के आधार पर दोषियों को दंडित किया है। वहीं खैरथल-तिजारा जिले में 45 मामलों में न्यायालय में इस्तगासे दायर किए जा चुके हैं, जिनकी सुनवाई जारी है। पुलिस इन मामलों में भी मजबूती से पैरवी कर दोषियों को सजा दिलाने का प्रयास करेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि समाज में यह संदेश देना है कि झूठे मुकदमे दर्ज कराने वालों के खिलाफ भी कानून सख्ती से कार्रवाई करेगा। सही साक्ष्य एकत्रित कर प्रभावी पैरवी करने से लोगों में कानून का भय पैदा होगा और भविष्य में झूठे मामले दर्ज कराने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगेगा।
एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने कहा कि किसी निर्दोष व्यक्ति को झूठे मुकदमे में फंसाना गंभीर अपराध है। ऐसे मामलों में यदि किसी व्यक्ति की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचता है तो वह कानून के अनुसार मानहानि का दावा भी कर सकता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि केवल सत्य तथ्यों के आधार पर ही शिकायत दर्ज कराएं, ताकि वास्तविक पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सके।
“झूठे मुकदमे दर्ज कराने वालों के खिलाफ पुलिस पूरी गंभीरता से कार्रवाई कर रही है। अब तक भिवाड़ी जिले में 40 और खैरथल-तिजारा जिले में 45, कुल 85 मामलों में न्यायालय में इस्तगासे पेश किए जा चुके हैं। इनमें से पांच मामलों में न्यायालय से दोषियों को सजा भी दिलाई गई है। हमारा उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि मजबूत साक्ष्य और प्रभावी पैरवी के जरिए लोगों में कानून का भय पैदा करना है, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति झूठा मुकदमा दर्ज कराने का प्रयास न करे। पुलिस हर शिकायत की निष्पक्ष जांच कर रही है और निर्दोष लोगों को झूठे मामलों में फंसाने वालों के खिलाफ भी कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”

— बृजेश ज्योति उपाध्याय, पुलिस अधीक्षक, भिवाड़ी

Users Today : 64
Total Users : 4563178
Views Today : 71
Total views : 4579461



