
By Mazharuddeen Khan | NCR Khabar
Bhiwadi, 7 July. भिवाड़ी में मानसून की पहली बारिश ने नगर परिषद और रीको की प्री-मानसून तैयारियों की पोल खोल दी। करीब डेढ़ घंटे तक हुई झमाझम बारिश के बाद अलवर बाईपास, भगत सिंह कॉलोनी और रीको औद्योगिक क्षेत्र के कई हिस्सों में जलभराव हो गया। अधूरे नालों, फैक्ट्रियों के गंदे पानी और टूटी सड़कों के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई दुपहिया वाहन गड्ढों में फंसकर बंद हो गए, जबकि प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा।

अलवर बाईपास पर जलभराव से थमी रफ्तार
मानसून की पहली तेज बारिश के बाद सबसे अधिक प्रभावित अलवर बाईपास रहा। सड़क पर कई फीट तक पानी भर जाने से वाहन रेंगते नजर आए। जलभराव के कारण लोगों को पैदल निकलने में भी कठिनाई हुई। कई स्थानों पर लंबा जाम लगा और भारी वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही।
रीको औद्योगिक क्षेत्र में सड़कों पर बहा फैक्ट्रियों का गंदा पानी

रीको औद्योगिक क्षेत्र में हालात और गंभीर हो गए। फैक्ट्रियों से निकलने वाला गंदा और काला पानी बारिश के साथ सड़कों पर बहता हुआ भिवाड़ी फेज-थर्ड पुलिस थाना परिसर तक पहुंच गया। इससे थाना परिसर में भी जलभराव की स्थिति बन गई। औद्योगिक क्षेत्र की कई सड़कों पर पानी भरने से कर्मचारियों और उद्योगों तक पहुंचने वाले लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।
अधूरे नाले बने जलभराव की वजह
रीको ने मानसून से पहले जल निकासी सुधारने के लिए कई स्थानों पर नालों के निर्माण और मरम्मत का कार्य शुरू कराया था। निर्माण कार्य के दौरान पुराने नालों का प्रवाह भी रोक दिया गया, लेकिन समय पर काम पूरा नहीं हो सका। नतीजा यह रहा कि पहली ही बारिश में पानी की निकासी बाधित हो गई और सड़कें नालों में तब्दील हो गईं।

गड्ढों में फंसकर बंद हुए दुपहिया वाहन
औद्योगिक क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों पर बने गड्ढे बारिश के पानी में पूरी तरह छिप गए। इसका खामियाजा दोपहिया वाहन चालकों को भुगतना पड़ा। कई बाइक और स्कूटी गड्ढों में फंसकर बीच सड़क पर बंद हो गईं। वाहन चालकों को अपने वाहन धक्का देकर निकालने पड़े, जबकि कुछ लोग गिरने से बाल-बाल बचे।
लोगों ने उठाए सवाल
स्थानीय लोगों और उद्योगों में काम करने वाले कर्मचारियों ने प्रशासन और रीको की तैयारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि हर वर्ष बारिश में यही हालात बनते हैं, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया जाता। लोगों ने अधूरे नालों का निर्माण शीघ्र पूरा करने, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने और टूटी सड़कों की मरम्मत की मांग की है।

Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801



