

Business@ncrkhabar. com-Bhiwadi. बढ़ते साइबर अपराधों के बीच भिवाड़ी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (BMA) ने औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगपतियों और व्यापारियों के लिए साइबर सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। एसोसिएशन ने सभी सदस्यों से किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या ऑनलाइन भुगतान के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।
बीएमए के सचिव जी.एल. स्वामी ने कहा कि साइबर ठगी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी आर्थिक क्षति का कारण बन सकती है। उन्होंने उद्योगपतियों और कारोबारियों से अपील की कि किसी भी व्यक्ति, पुलिस अधिकारी या सरकारी विभाग के नाम से आने वाले कॉल पर बिना पुष्टि किए न तो पैसे ट्रांसफर करें और न ही ओटीपी, बैंकिंग जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा करें।
एडवाइजरी में स्पष्ट किया गया है कि किसी भी ऑनलाइन भुगतान या बैंक ट्रांजैक्शन में जल्दबाजी न करें। यदि किसी परिचित व्यक्ति की फोटो या मोबाइल नंबर से भी पैसे मांगने का संदेश प्राप्त हो, तो पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे फोन पर संपर्क कर पुष्टि करें। पुष्टि के बाद ही कोई वित्तीय लेनदेन करें। बीएमए ने साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और भिवाड़ी साइबर पुलिस (8764874334) से संपर्क करने की सलाह दी है। एसोसिएशन ने कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराधों से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है। सभी उद्योगपतियों और व्यापारियों से अपील की गई है कि वे अपने कर्मचारियों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें, ताकि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी से बचा जा सके।

Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801



