भिवाड़ी नगर निकाय चुनाव को लेकर हुई भाजपा की बैठक: 60 वार्डों के लिए कार्यकर्ताओं ने किया आवेदन, विधायक महंत बालकनाथ ने किया भारी बहुमत का दावा

SHARE:

ncrkhabar@Bhiwadi.नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने भिवाड़ी में चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को बीएमए सभागार में आयोजित भाजपा की संगठनात्मक बैठक में नगर परिषद के सभी 60 वार्डों से चुनाव लड़ने के इच्छुक कार्यकर्ताओं से टिकट के लिए आवेदन लिए गए। भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र खटाना के अनुसार, 60 वार्डों से करीब 170 कार्यकर्ताओं ने टिकट के लिए आवेदन किया है। बड़ी संख्या में दावेदारों के सामने आने से बैठक में कार्यकर्ताओं का उत्साह साफ दिखाई दिया। बैठक को संबोधित करते हुए तिजारा विधायक महंत बालकनाथ योगी ने कहा कि भिवाड़ी में विपक्ष पूरी तरह नदारद है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नगर परिषद के सभी 60 वार्डों में मजबूती से चुनाव लड़ेगी और भारी बहुमत के साथ नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनेगा। उन्होंने कहा कि एक-एक वार्ड से कई कार्यकर्ताओं द्वारा टिकट के लिए दावेदारी करना संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं के उत्साह को दर्शाता है। टिकट वितरण पूरी पारदर्शिता और निष्ठा के आधार पर किया जाएगा। दावेदार कई हो सकते हैं, लेकिन टिकट एक ही कार्यकर्ता को मिलेगा। टिकट मिलने के बाद सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशी की जीत के लिए काम करना होगा।

जलभराव और सीवरेज समस्या पर भी चर्चा

बैठक में भिवाड़ी की जलभराव और सीवरेज समस्या को लेकर भी चर्चा हुई। विधायक महंत बालकनाथ ने कहा कि शहर में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि भिवाड़ी में 34 एमएलडी क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तैयार हो चुका है। वहीं, पानी के समुचित डिस्पोजल के लिए सारेखुर्द तक करीब 22 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू किया गया है। उन्होंने दावा किया कि पाइपलाइन का काम पूरा होने के बाद अगले छह माह में शहर में जलभराव की समस्या से राहत का असर दिखाई देने लगेगा। उन्होंने कहा कि भिवाड़ी की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

भाजपा की चुनावी रणनीति पर मंथन

बैठक में पार्टी पदाधिकारियों ने नगर निकाय चुनाव की तैयारियों, वार्डवार संगठन की स्थिति और संभावित प्रत्याशियों को लेकर चर्चा की। कार्यकर्ताओं से चुनाव में पूरी एकजुटता के साथ जुटने का आह्वान किया गया। नेताओं ने कहा कि टिकट किसी एक दावेदार को मिलेगा, लेकिन चुनाव में पार्टी की जीत के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा।

भाजपा मंडल अध्यक्ष नरेंद्र खटाना ने बताया कि करीब 170 आवेदन प्राप्त हुए हैं। पार्टी स्तर पर सभी दावेदारों के आवेदनों पर विचार-विमर्श के बाद प्रत्याशियों का चयन किया जाएगा।

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में नगर निकाय चुनाव प्रभारी डॉ. मनोज राजोरिया, तिजारा विधायक महंत बालकनाथ योगी, संगठन प्रभारी अशोक सैनी, संगठन सह प्रभारी गौरव यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष महा सिंह चौधरी, जिला महामंत्री अनूप यादव व पवन यादव, जिला प्रमुख बलबीर सिंह, मंडल अध्यक्ष नरेंद्र खटाना, जिला उपाध्यक्ष पवन सिंह चौहान, चित्रा शर्मा, जिला मंत्री कंचन तिवारी, प्रदेश महामंत्री अल्पसंख्यक मोर्चा अयूब खान, पूर्व सभापति संदीप दायमा और सभापति शीशराम तंवर, मंडल महामंत्री राहुल राजपूत, देवेंद्र यादव, पार्षद अमित नाहटा व राजेश यादव सहित बड़ी संख्या में संभावित प्रत्याशी, पार्षद और भाजपा कार्यकर्ता भी बैठक में शामिल हुए।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 2 6 9
Users Today : 15
Total Users : 4572698
Views Today : 16
Total views : 4592215
Read More