
ncrkhabar@Bhiwdi.नगर निकाय एवं पंचायती राज संस्थाओं के आगामी आम चुनावों को लेकर राजस्थान पुलिस ने साइबर ठगी से बचाव के लिए एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने मतदाताओं, चुनाव प्रत्याशियों, राजनीतिक कार्यकर्ताओं और चुनाव ड्यूटी में तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों को साइबर ठगों से सतर्क रहने की अपील की है। चुनाव के दौरान साइबर अपराधी फर्जी वोटर लिंक, OTP, QR कोड, फिशिंग ई-मेल और डीपफेक व फेक न्यूज के जरिए लोगों को निशाना बना सकते हैं।
पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर जारी एडवाइजरी में अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस, साइबर क्राइम एवं तकनीकी सेवाएं वीके सिंह ने लोगों से संदिग्ध लिंक और संदेशों से सावधान रहने की अपील की है। साइबर क्राइम शाखा के अनुसार ठग चुनाव से जुड़ी जरूरी जानकारी देने के नाम पर WhatsApp और SMS के जरिए फर्जी लिंक भेज सकते हैं।
‘वोटर लिस्ट में नाम देखें’ के नाम पर भेजे जा सकते हैं फर्जी लिंक
जिला पुलिस अधीक्षक भिवाड़ी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने आमजन से अपील की है कि साइबर ठग ‘अपना नाम वोटर लिस्ट में देखें’, ‘आपका पोलिंग बूथ बदल गया है’ अथवा चुनाव संबंधी अन्य जानकारी देने के नाम पर फर्जी लिंक भेज सकते हैं। ऐसे किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करें और न ही किसी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, बैंक संबंधी जानकारी या अन्य निजी जानकारी साझा करें। पुलिस ने QR कोड स्कैन करने से पहले भी सावधानी बरतने की सलाह दी है। किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए QR कोड को स्कैन करने या उसके जरिए भुगतान करने से पहले उसकी सत्यता जरूर जांचें। इसी तरह चुनाव से संबंधित फर्जी ई-मेल, वीडियो, ऑडियो और डीपफेक सामग्री को बिना सत्यापन के आगे शेयर नहीं करने की अपील की गई है।
आधिकारिक वेबसाइट से ही लें चुनाव संबंधी जानकारी
पुलिस ने मतदाता सूची, मतदान केंद्र और चुनाव से संबंधित जानकारी के लिए केवल State Election Commission, Rajasthan और CEO Rajasthan की आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग करने की सलाह दी है। सोशल मीडिया या WhatsApp पर प्राप्त किसी भी चुनाव संबंधी सूचना को साझा करने से पहले उसके आधिकारिक स्रोत से सत्यापन करने को कहा गया है।

Users Today : 169
Total Users : 4575919
Views Today : 212
Total views : 4596779



