NCRkhabar@Bhiwadi. हरियाणा के नूंह जिले में सोमवार को हुई हिंसा व आगजनी की आंच अगले दिन भिवाड़ी तक पहुंच गई। मंगलवार को उपद्रवियों ने अलवर बाईपास पर स्थित एक रेस्टोरेंट समेत दो दुकानों में तोड़फोड़ किया। युवकों ने रेस्टोरेंट में काफी देर तक तोड़फोड़ कर उत्पात मचाया लेकिन आसपास मौजूद लोग तमाशबीन बनकर देखते रहे। अगर लोगों ने हिम्मत दिखाई होती तो उपद्रवियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया जाता। तोड़फोड़ की घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से हालात तनावपूर्ण बन गए तथा मुस्लिम समुदाय के दुकानदार अपनी दुकानों को बंद करके चले गए, जिससे अनहोनी से बचा जा सके।
नूंह जिले में हुए दंगे के बाद सोमवार शाम को भिवाड़ी पुलिस ने सभी नाकों पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया था। सहायक पुलिस अधीक्षक आईपीएस सुजीत शंकर ने मेवात से सटे चौपानकी पुलिया थाने में सीएलजी मीटिंग लेकर अमन-चैन कायम रखने की अपील की थी लेकिन उसके कुछ वक्त बाद अलवर बाईपास एक रेस्टोरेंट सहित तीन दुकानों में उत्पाती युवकों ने तोड़फोड़ कर दिया और नज़दीक के माल में घुस गए। कुछ वक्त में ही घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। भिवाड़ी एसपी विकास शर्मा, सहायक पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर सहित भिवाड़ी व भिवाड़ी फेज थर्ड थाना एसएचओ के अलावा पुलिस व क्यूआरटी जवानों को लेकर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने जेनेसिस मॉल की सघन तलाशी लेकर तोड़फोड़ के आरोप में कुछ युवकों को हिरासत में लिया है तथा अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है। फ़िलहाल स्थिति नियंत्रण में है तथा पुलिस ने फ़्लैग मार्च कर आमजन से शांति बनाए रखने की अपील की।

तोड़फोड़ के बाद बंद हो गईं दुकानें
औद्योगिक नगरी में भी सोमवार शाम से ही माहौल तनावपूर्ण था तथा मंगलवार को मुस्लिम समाज के ज़्यादातर लोगों ने एहतियातन अपनी दुकानों को बंद रखा था लेकिन अलवर बाईपास पर एक रेस्टोरेंट सहित कुछ दुकानें खुली हुई थी। सोशल मीडिया पर भी दिनभर नूंह मामला छाया हुआ था। मंगलवार दोपहर बाद शमा चिकन कॉर्नर सहित तीन दुकानों पर उपद्रवियों ने तोड़फोड़ किया। इसकी सूचना मिलते ही यातायात सलाहकार व भिवाड़ी के अन्य स्थानों पर खुली दुकानों को बंद कर लोग अपने घरों पर चले गए।

– अलवर बाईपास पर दो दुकानों में तोड़फोड़ की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपी वहां से भाग कर माल के अंदर छिप गए। पुलिस ने तलाशी लेकर कुछ युवकों को हिरासत में लिया है तथा अन्य आरोपियों की पहचान कर पकड़ने की कोशिश कर रही है। किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। हरियाणा से लगती सीमाओं पर नाकाबंदी कर जाने वालों पर कड़ी नजर रख रही है।
-विकास शर्मा, एसपी भिवाड़ी।

भिवाड़ी के जेनेसिस माल में छिपे दो उपद्रवियों को लेकर जाती पुलिस।
Views: 833
Users Today : 45
Total Users : 4584355
Views Today : 47
Total views : 4608494



