Crime News : आशियाना तरंग सोसायटी में घुसे बदमाश ने महिला व मासूम को बंधक बनाकर लूटे जेवर-नकदी

SHARE:

Crime@ncrkhabar. com-Bhiwadi. कस्बे के कालीखोली रोड स्थित आशियाना तरंग सोसायटी में सोमवार सुबह हाई सिक्योरिटी व्यवस्था को धता बताते हुए एक बदमाश ने पार्सल डिलीवरी के बहाने फ्लैट में घुसकर महिला और उसके दो वर्षीय बेटे को बंधक बना लिया। आरोपी ने चाकू के बल पर नकदी, सोने के आभूषण और मोबाइल लूट लिए तथा करीब 20 मिनट तक फ्लैट के अंदर रहने के बाद फरार हो गया। घटना के बाद सोसायटी में दहशत का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार पीड़ित शुभम सक्सेना गेल कंपनी में कार्यरत हैं और पिछले करीब दो वर्षों से परिवार सहित आशियाना तरंग सोसायटी के बी-1 टॉवर स्थित फ्लैट नंबर 403 में किराए पर रह रहे हैं। सोमवार सुबह शुभम ड्यूटी पर चले गए थे, जबकि घर पर उनकी पत्नी अपूर्वा सक्सेना और दो वर्षीय बेटा मौजूद थे। सुबह करीब सवा नौ बजे एक युवक पार्सल देने के बहाने फ्लैट पर पहुंचा। जैसे ही महिला ने दरवाजा खोला, युवक ने जबरन अंदर घुसकर बच्चे को पकड़ लिया और चाकू दिखाकर धमकाने लगा। आरोपी ने बच्चे को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर महिला को डरा दिया। इसके बाद उसने महिला के हाथ कपड़े से बांध दिए और घर के कमरों की तलाशी लेने लगा। आरोपी ने अलमारी और लॉकर खुलवाकर नकदी, सोने के दो कड़े और मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए।

वारदात के दौरान आया दूसरा कोरियर बॉय

घटना के दौरान एक अन्य युवक कोरियर देने फ्लैट पर पहुंचा। आरोपी ने सामान्य तरीके से दरवाजा खोला और कोरियर रिसीव कर लिया। इतना ही नहीं, उसने कोरियर लेकर आए युवक को करीब 150 रुपये देकर वापस भेज दिया, जिससे किसी को भी फ्लैट के अंदर चल रही वारदात की भनक नहीं लगी। करीब 20 मिनट तक फ्लैट में रहने के बाद आरोपी महिला को अंदर बंद कर फरार हो गया। आरोपी के जाने के बाद महिला ने किसी तरह खुद को मुक्त किया और पड़ोसियों को आवाज लगाई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंचे एसपी, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर भिवाड़ी एसपी बृजेश उपाध्याय सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सोसायटी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। भिवाड़ी थाना एसएचओ सचिन शर्मा ने बताया कि अपूर्वा सक्सेना की शिकायत पर 60 से 70 हजार रुपये नकद और सोने के आभूषण लूटने का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है।

आरडब्ल्यूए अध्यक्ष भगतसिंह भिदुड़ी ने सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

घटना के बाद आशियाना तरंग सोसायटी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष भगतसिंह भिदुड़ी ने कहा कि सोसायटी में बाहरी लोगों की एंट्री पर और सख्त निगरानी रखने की जरूरत है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

फोटो कैप्शन : आशियाना तरंग सोसायटी में हुई लूट की घटना के बाद जानकारी लेते एसपी बृजेश उपाध्याय एवं कमरे में बिखरा सामान।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 3
Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801
Read More