
महाराणा प्रताप जयंती समारोह में उठी शिक्षा और युवाओं के भविष्य की आवाज
Ncrkhabar@Bhiwadi(ncr). श्री राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराना ने यूजीसी के नए नियमों का विरोध करते हुए कहा कि यह कानून युवाओं, छात्रों और शिक्षा व्यवस्था के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को इस मुद्दे पर एकजुट होकर आवाज उठानी होगी। मकराना ने यूजीसी के नियमों को “काला कानून” बताते हुए कहा कि इसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। इसके विरोध में शेखावाटी क्षेत्र में जल्द ही पदयात्रा निकाली जाएगी। महिपाल सिंह मकराना रविवार को श्री राजपूत महासभा भिवाड़ी की ओर से अलवर बाईपास स्थित कृष्णा मैरिज होम में महाराणा प्रताप जयंती समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। समारोह का शुभारंभ महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन संजय सिंह ने किया।

युवाओं और छात्रों के भविष्य से जुड़ा है यूजीसी का मुद्दा
मुख्य अतिथि महिपाल सिंह मकराना ने कहा कि प्रस्तावित पदयात्रा में बड़ी संख्या में युवा, छात्र और सामाजिक संगठन शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन केवल किसी एक समाज का नहीं, बल्कि शिक्षा और युवाओं के भविष्य का मुद्दा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नए नियमों से ग्रामीण और सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार को शिक्षा व्यवस्था में ऐसे फैसले लेने से पहले छात्रों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों से चर्चा करनी चाहिए। यदि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देती है तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

यूजीसी के नियमों को लेकर गांव-गांव जाकर करेंगे जागरूक
महिपाल मकराना ने कहा कि शेखावाटी की पदयात्रा के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों को यूजीसी नियमों के प्रभाव के बारे में जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा का निजीकरण तेजी से बढ़ रहा है, जिससे गरीब और ग्रामीण पृष्ठभूमि के छात्रों के लिए उच्च शिक्षा हासिल करना कठिन होता जा रहा है।

महाराणा प्रताप के आदर्शों पर चलने का आह्वान
कार्यक्रम को श्री राजपूत महासभा भिवाड़ी के संरक्षक सुरेंद्र सिंह चौहान, बिजेंद्र सिंह चौहान तथा राजपूत सभा रेवाड़ी जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह चौहान सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज में एकता, स्वाभिमान और संस्कृति संरक्षण के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

शिक्षा, रोजगार और नशा मुक्ति पर जोर
वृंदावन से आए संत बालकदास महाराज ने कहा कि जो समाज अपने महापुरुषों की जयंती नहीं मनाता, वह कभी संघर्षशील नहीं बन सकता और न ही इतिहास रच सकता है। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप जयंती समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करती है। संत बालकदास महाराज ने समाज की उन्नति के लिए शिक्षा को बढ़ावा देने, युवाओं को रोजगार के प्रति जागरूक करने तथा नशा मुक्ति अभियान को मजबूत करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती के लिए युवाओं का शिक्षित और जागरूक होना जरूरी है।
बड़ी संख्या में समाज के लोग रहे मौजूद
समारोह में श्री राजपूत सभा भिवाड़ी के अध्यक्ष बैकुंठ सिंह, राजवीर सिंह, पूर्व पार्षद राजेश यादव, देवेंद्र सिंह चौहान, प्रकाश दायमा, प्रताप सिंह चौहान, योगराज सिंह, रविन्द्र सिंह उजीना, विजयपाल सिंह चौहान तथा पुष्पेंद्र सिंह छोकर सहित समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Users Today : 129
Total Users : 151089
Views Today : 151
Views This Year : 67315
Total views : 239735


