
ncrkhabar@Bhiwadi.धारूहेड़ा नगर पालिका चुनाव समाप्त होते ही अलवर बाईपास पर एक बार फिर गंदे पानी का जलभराव शुरू हो गया है। भीषण गर्मी और बिना बारिश के सड़क पर पानी भरने से स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि यदि अभी यह हालात हैं तो मानसून के दौरान स्थिति और गंभीर हो सकती है। अलवर बाईपास तिराहे पर मॉर्डन पब्लिक स्कूल के सामने घरेलू सीवरेज का गंदा पानी लगातार जमा हो रहा है। अब यह पानी भगतसिंह कॉलोनी की ओर बढ़ने लगा है। सड़क पर जलभराव होने से वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। खासतौर पर दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह रास्ता जोखिम भरा बन गया है। वहीं स्कूली बच्चों को भी गंदे पानी के बीच होकर स्कूल जाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार नगर पालिका चुनाव से पहले अलवर बाईपास पर पानी की एक बूंद तक दिखाई नहीं देती थी, लेकिन चुनाव खत्म होने के बाद फिर से जलभराव शुरू हो गया। पूर्व पार्षद Rajesh Yadav ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान गंदा पानी बाईपास पर आने से रोक दिया जाता है, लेकिन बाद में हालात फिर पुराने जैसे हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्थायी समाधान करने के बजाय केवल अस्थायी व्यवस्थाओं में लगा रहता है।
गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री Bhajan Lal Sharma ने वसुंधरा नगर स्थित 34 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का वर्चुअल उद्घाटन किया था। इसके बावजूद अलवर बाईपास पर दोबारा जलभराव होने से सीवरेज व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मानसून से पहले जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े।


Users Today : 193
Total Users : 4575943
Views Today : 240
Total views : 4596807



