NCRKhabar@Bhiwadi. भिवाड़ी जिला स्पेशल टीम ( DST) व तिजारा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए हरियाणा से केन्ट्रा चोरी करने के आरोपी को गिरफ्तार कर केन्ट्रा बरामद कर लिया है। आरोपी पूर्व में अलवर व मानेसर में केन्ट्रा चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका है। चोरी की वारदात में शामिल एक आरोपी गाड़ो खरीदने वाले व्यक्ति के पास जाने की वजह से पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया।
भिवाड़ी जिला स्पेशल टीम के प्रभारी व चौपानकी एसएचओ दारा सिंह ने बताया कि गत शनिवार को डीएसटी कांस्टेबल गोपीचंद को सूचना मिली कि वाहन चोर शकील हरियाणा से केन्ट्रा चोरी करके लाया है, जिसे तिजारा में बेचने की फिराक में है। सूचना मिलने के बाद डीएसटी की टीम आरोपी को पकड़ने के लिए रवाना हुई लेकिन वाहन चोर शकील लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था। इसके बाद मुखबिर से सूचना मिलने पर थानाधिकारी तिजारा व जिला स्पेशल टीम भिवाडी के असलीमपुर चौक पहुंचने पर वहां आईशर केन्ट्रा एचआर 55 ए बी 5835 तिजारा-भिवाडी हाईवे से तिजारा की तरफ आने वाली सड़क पर खड़ी हुई दिखाई दी। पुलिस केन्ट्रा के पास पहुंची तो गाड़ी से उतरकर एक व्यक्ति मुख्य मार्ग की तरफ भागने लगा लेकिन पुलिस ने टपूकड़ा थाना क्षेत्र के मिलकपुर तुर्क गांव निवासी शकील (23) पुत्र इलियास को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने अपने गांव के रहने वाले भूरा पुत्र अयूब के साथ मिलकर नूंह जिले के बीसरू से चोरी कर तिजारा बेचने के लिए आये थे। उसका साथी भूरा केन्ट्रा खरीदने वाले के पास गया हुआ है। तिजारा थाना पुलिस ने आरोपी शकील को गिरफ्तार कर केन्ट्रा बरामद कर लिया और फरार आरोपी की तलाश कर रही है।



Views: 564
Users Today : 50
Total Users : 4584360
Views Today : 52
Total views : 4608499



