NCRkhabar@Bhiwadi. भिवाड़ी न्यायिक मजिस्ट्रेट ( Judicial Magistrate Bhiwadi) की कोर्ट में शुक्रवार शाम को मानसिक रूप से विक्षिप्त एक युवक ने जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस युवक को पकड़कर थाने लेकर गई। इस दौरान कोर्ट परिसर में तकरीबन डेढ़ घण्टे तक हंगामा होता रहा। युवक ने महेश्वरी स्थित एक निजी स्कूल व मटिला पुलिस चौकी के पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाया है।
भिवाड़ी न्यायिक कोर्ट में शुक्रवार दोपहर बाद तकरीबन चार बजे थड़ा गांव निवासी प्रीतपाल पुत्र निहालसिंह अपने लड़के को लेकर भिवाड़ी कोर्ट में आया और मजिस्ट्रेट को अपनी पीड़ा बताने लगा। इसके बाद कोर्ट कर्मचारियों ने उसे सहायक लोक अभियोजक के रूम में बैठा दिया, जहां उसने खुद को अंदर से बंद कर लिया। इससे कोर्ट कर्मचारियों व पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया और उन्होंने दरवाजा तोड़कर युवक को बाहर निकाला। पुलिस युवक को कोर्ट परिसर में लाकर बैठाकर समझाने लगी लेकिन वह पुलिस पर उसे न्याय नहीं दिलाने का आरोप लगाता रहा। युवक ने आरोप लगाया कि शिकायत देने के बावजूद मटिला पुलिस चौकी प्रभारी उसकी समस्या का समाधान नहीं कर रहे हैं। इससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान है। इस दौरान अफवाह फैल गई कि मजिस्ट्रेट को युवक ने चाकू निकाल कर दिखाया है। सूचना मिलने के बाद भिवाड़ी फेज थर्ड एसएचओ सचिन शर्मा ( Bhiwadi Phase III SHO Sachin Sharma) भी मौके पर आ गए और भिवाड़ी थाना पुलिस युवक को लेकर चली गई। वहीं वीडियो बनाने के मामले को लेकर एसएचओ सचिन शर्मा व वकीलों में काफी तकरार हुई। कोर्ट परिसर से युवक के जाने के बाद वकीलों व कोर्ट कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।






Views: 1,171
Users Today : 243
Total Users : 4584301
Views Today : 320
Total views : 4608436



