Bhiwadi Crime News : आशियाना तरंग सोसायटी में महिला और मासूम को बंधक बनाकर लूटपाट करने का आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

Crime@ncrkhabar.com-Bhiwadi.भिवाड़ी के आशियाना तरंग सोसायटी में महिला और मासूम बच्चे को चाकू की नोक पर बंधक बनाकर लूटपाट करने की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में धारूहेड़ा के गुर्जर घटाल गांव निवासी धनवीर को गिरफ्तार किया है। आरोपी मैकेनिकल डिप्लोमा धारक है और उसने क्राइम सीरियल व फिल्मों से प्रभावित होकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 58 हजार रुपये बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

ऐसे दिया लूट की वारदात को अंजाम

एएसपी श्रीमन लाल मीणा ने बताया कि 18 मई की सुबह शुभम सक्सेना ड्यूटी पर गए हुए थे। उनकी पत्नी अपूर्वा सक्सेना अपने छोटे बच्चे के साथ फ्लैट में अकेली थीं। सुबह करीब 9:15 बजे डोर बेल बजने पर महिला ने दरवाजा खोला तो आरोपी जबरन अंदर घुस आया। आरोपी ने बच्चे की गर्दन पर चाकू रखकर महिला को धमकाया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी ने घर में रखी नकदी, सोने के दो कड़े, मोबाइल फोन, जरूरी दस्तावेज और कार की चाबी लूट ली।

कुरियर बॉय आया तो खुद खोला दरवाजा

वारदात के दौरान एक कुरियर डिलीवरी बॉय भी फ्लैट पर पहुंचा था। आरोपी ने बड़ी चालाकी दिखाते हुए खुद दरवाजा खोला और 150 रुपये देकर पार्सल रिसीव कर लिया ताकि किसी को कोई शक न हो। जाते समय आरोपी ने महिला को धमकी दी कि यदि 15 लाख रुपये नहीं दिए गए तो वह बच्चे की हत्या कर देगा।

पहले से जानता था परिवार की दिनचर्या

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2020 में गैस अथॉरिटी इंडिया लिमिटेड (गेल) में संविदा पर शुभम सक्सेना के अधीन कार्य कर चुका था। इस दौरान वह कई बार फ्लैट पर आ चुका था। उसे परिवार की दिनचर्या, फ्लैट की स्थिति और सोसायटी के सीसीटीवी कैमरों की पूरी जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने वारदात को अंजाम दिया।

शेयर बाजार में नुकसान के बाद बनाई लूट की योजना

पुलिस के अनुसार आरोपी शेयर बाजार में पैसे लगाने का शौकीन था। लगातार नुकसान के कारण वह करीब ढाई लाख रुपये के कर्ज में डूब गया था। इसी बीच छुट्टी और पैसों को लेकर शुभम सक्सेना से उसका विवाद हो गया। आर्थिक तंगी और तनाव के चलते उसने लूट की साजिश रच डाली।

क्राइम सीरियल देखकर सीखे पुलिस से बचने के तरीके

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने क्राइम सीरियल और फिल्मों को देखकर पुलिस से बचने के तरीके सीखे थे। वारदात के समय उसने मास्क, चश्मा, रूमाल और छाते का इस्तेमाल कर अपनी पहचान छिपाई। ढीले कपड़े पहनकर वह कैमरों से बचने की कोशिश करता रहा। घटना के बाद पुलिस को गुमराह करने के लिए उसने पीड़िता का मोबाइल फोन बस में छोड़ दिया और लगातार वाहन व कपड़े बदलता रहा।

 

600 सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद गिरफ्तारी

पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय के निर्देशन में थाना प्रभारी सचिन शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने करीब 600 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश और तमिलनाडु तक के 40 से अधिक संदिग्धों पर नजर रखी गई। आखिरकार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई रकम में से 58 हजार रुपये बरामद कर लिए हैं। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि बाकी रकम शराब और मौज-मस्ती में खर्च कर दी। फिलहाल पुलिस वारदात में इस्तेमाल सामान और अन्य साक्ष्यों की बरामदगी में जुटी हुई है।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 3
Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801
Read More