
Ncrkhabar@Khairthal-Tijara/भिवाड़ी. जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने गुरुवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई में अनुपस्थित रहने वाले छह विभागों के अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए। जनसुनवाई में आमजन की समस्याओं के समाधान में देरी और अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर जिला कलक्टर ने नाराजगी जताई। जिला सचिवालय सभागार में आयोजित त्रिस्तरीय जनसुनवाई में कुल 75 परिवादों की सुनवाई हुई। इनमें किसान सम्मान निधि, पेयजल संकट, अवैध कब्जा, रास्ता खुलवाने, पीएम आवास योजना, नामांतरण, जमीन विवाद, श्रमिक कल्याण योजना, मुआवजा और साफ-सफाई से जुड़े मामले प्रमुख रहे। जनसुनवाई के दौरान एक परिवादी ने विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र बनाने में देरी और बार-बार चक्कर कटवाने की शिकायत की। मामले को गंभीर मानते हुए जिला कलक्टर ने ग्राम विकास अधिकारी भोंकर मिंटू के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए। पेयजल समस्या से जुड़े मामलों में जिला कलक्टर ने पीएचईडी अधिकारियों को वार्ड 34 में जाकर वास्तविक स्थिति की जांच कर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं सीमाज्ञान, पत्थरगढ़ी, अतिक्रमण हटाने और रास्ता खुलवाने से जुड़े मामलों में उपखंड अधिकारियों और तहसीलदारों को तत्काल कार्रवाई करने को कहा।
इन अधिकारियों को जारी हुए नोटिस
जनसुनवाई से अनुपस्थित रहने पर जिला परिवहन अधिकारी भिवाड़ी एवं खैरथल राजीव चौधरी और सविता भारद्वाज, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल (RSPCB) भिवाड़ी के क्षेत्रीय अधिकारी अमित जुयाल, रीको भिवाड़ी प्रथम एवं द्वितीय के शिवकुमार और अखिल अग्रवाल, राजस्थान आवासन मंडल के पीएल मीणा, श्रम विभाग की प्रज्ञा शर्मा तथा नगर पालिका किशनगढ़ बास के अधिशासी अधिकारी राहुल को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए। जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि आगामी समीक्षा बैठक में निस्तारित मामलों की गुणवत्ता की भी जांच की जाएगी।

Users Today : 192
Total Users : 4575942
Views Today : 239
Total views : 4596806



