भीषण सर्दी में रैनबसेरों की व्यवस्थाओं का अधिकारियों ने लिया जायजा: जरुरतमंद लोगों को ठंड से बचाने के लिए प्रशासन सतर्क

SHARE:

NCRkhabar@Bhiwadi. भीषण सर्दी की चपेट में आने वाले गरीबों और बेसहारा लोगों को ठंड से बचाने के लिए खैरथल-तिजारा (Khairat-Tijara) जिला प्रशासन ने सतर्कता बरती है। जिला कलेक्टर किशोर कुमार (IAS Kishor Kumar, District Collector) के निर्देश पर शुक्रवार रात उपखंड अधिकारियों और नगर निकायों के अधिकारियों ने जिले के सभी रैनबसेरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण दल ने प्रत्येक रैनबसेरे में रह रहे लोगों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना। बिस्तरों की पर्याप्तता, कंबलों की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था, शौचालय और स्नानगृहों की उपलब्धता, गर्म भोजन की व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता आदि का बारीकी से जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान कई रैनबसेरों में कमियां भी पाई गईं। कुछ रैनबसेरों में बिस्तरों की संख्या पर्याप्त नहीं थी, कंबल पुराने और जर्जर हो चुके थे, सफाई व्यवस्था ठीक से नहीं थी और गर्म भोजन की गुणवत्ता में भी कमी देखी गई। निरीक्षण दल ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से इन कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी रैनबसेरों में पर्याप्त संख्या में गर्म कंबल, स्वच्छ बिस्तर, गर्म भोजन और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही, रैनबसेरों की नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। गौरतलब है कि जिला कलक्टर किशोर कुमार ने स्वयं 25 दिसंबर को पुरानी अनाज मंडी स्थित रैनबसेरे का निरीक्षण किया था और उन्होंने सभी नगर निकायों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित रैनबसेरों की नियमित रूप से निगरानी करें और किसी भी प्रकार की कमी होने पर तत्काल कार्रवाई करें।

जिला कलक्टर के निर्देश पर भीषण सर्दी के दौरान रैन बसेरों का निरीक्षण करते अधिकारी।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 8 4 2 9
Users Today : 236
Total Users : 4584294
Views Today : 311
Total views : 4608427
Read More