
ncrkhabar@Bhiwadi(ncr). राजस्थान के औद्योगिक शहर भिवाड़ी में बिजली व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए जयपुर डिस्कॉम ने बड़ा कदम उठाया है। शहर के हाउसिंग बोर्ड और यूआईटी सेक्टर क्षेत्रों में करीब 15 किलोमीटर लंबी एलटी (लो टेंशन) लाइन को अंडरग्राउंड किया जाएगा। इस परियोजना से करीब 18 हजार उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा और बार-बार होने वाली बिजली ट्रिपिंग, लो वोल्टेज और फॉल्ट की समस्या से राहत मिलेगी।
जयपुर डिस्कॉम भिवाड़ी के सहायक अभियंता कमल वर्मा ने बताया कि गर्मियों में बढ़ते बिजली लोड को देखते हुए शहर की बिजली व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से अपग्रेड किया जा रहा है। अंडरग्राउंड केबल बिछने के बाद ओवरलोडिंग, तार टूटने और तकनीकी खराबियों की घटनाओं में काफी कमी आएगी। उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत 4Cx70, 4Cx120 और 4Cx185 स्क्वायर एमएम क्षमता की हाई-क्वालिटी अंडरग्राउंड एलटी केबल बिछाई जाएंगी। इससे बिजली आपूर्ति अधिक सुरक्षित और निर्बाध हो सकेगी।
कई इलाकों में ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ेगी
सहायक अभियंता कमल वर्मा ने बताया कि भिवाड़ी के कई प्रमुख इलाकों में ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी बढ़ाई जा रही है ताकि गर्मियों में ओवरलोडिंग की समस्या को रोका जा सके। अग्रवाल धर्मशाला, सेक्टर-6, इंडेन गैस गोदाम क्षेत्र, सेक्टर-9, राजस्थान हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-2, दुर्गा पार्क और शिव मंदिर पान गोदाम क्षेत्र में लगे ट्रांसफार्मरों की क्षमता 160 KVA से बढ़ाकर 315 KVA की जाएगी। इसके अलावा गांधी कुटीर क्षेत्र में भी ट्रांसफार्मर की क्षमता 100 KVA से बढ़ाकर 160 KVA की जा रही है, जिससे स्थानीय उपभोक्ताओं को लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिलेगी।
पीक आवर्स में हो रही विशेष मॉनिटरिंग
बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए रोजाना पीक आवर्स में विशेष मॉनिटरिंग की जा रही है। रात 10 बजे से 12 बजे और दिन में 12 बजे से 2 बजे तक बिजली लोड की लगातार जांच की जा रही है, ताकि किसी भी क्षेत्र में ओवरलोड की स्थिति बनने पर तुरंत समाधान किया जा सके।
बिजली चोरी रोकने के लिए व्हाट्सएप पर करें शिकायत
सहायक अभियंता कमल वर्मा ने बताया कि जयपुर डिस्कॉम ने बिजली चोरी और अवैध कनेक्शनों पर सख्ती बढ़ा दी है। उपभोक्ता बिजली चोरी, अवैध तार या गंभीर वोल्टेज समस्या की शिकायत सीधे सहायक अभियंता के मोबाइल नंबर 9413390539 पर कर सकते हैं। उपभोक्ता मौके की फोटो या वीडियो व्हाट्सएप पर भेजकर भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जिस पर निगम द्वारा तुरंत कार्रवाई की जाएगी।


Users Today : 332
Total Users : 154286
Views Today : 356
Views This Year : 71152
Total views : 243572


