
NCRkhabar@Bhiwadi. राजस्थान राज्य औद्योगिक वित्त एवं विनिवेश निगम की प्रबंध निदेशक (RIICO MD) और जिला प्रभारी सचिव शिवांगी स्वर्णकार ने रविवार को भिवाड़ी का दौरा किया। उन्होंने भिवाड़ी सीईटीपी (CETP) के अलावां औद्योगिक क्षेत्र चौपानकी और सलारपुर का (Industrial Area Choonki & Salarpur) निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीईटीपी के सुचारू संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और आरओ प्लांट से पानी की आपूर्ति में अनियमितता को सुधारने के निर्देश दिए। इसके अलावा औद्योगिक इकाइयों को आरओ का पानी निरंतर पलब्ध कराने के निर्देश दिए।

टपूकड़ा सीएचसी का किया निरीक्षण, मरीजों से की बातचीत
जिले की प्रभारी सचिव शिवांगी स्वर्णकार ने टपूकड़ा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और उपकरणों का जायजा लिया और मरीजों से बातचीत कर उनकी राय जानी। उन्होंने अस्पताल कर्मियों से उनकी कार्यप्रणाली पर चर्चा की और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

प्लेटेड फैक्ट्री के लिए किया भूमि का अवलोकन
प्रभारी सचिव ने बजट घोषणा के तहत प्रस्तावित प्लेटेड फैक्ट्री के लिए औद्योगिक क्षेत्र सलारपुर और चौपानकी की भूमि का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को भूमि चिह्नीकरण और आवंटन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि बजट घोषणा को समय सीमा में साकार किया जा सके। निरीक्षण के दौरान बीडा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अतुल प्रकाश, रीको यूनिट प्रथम एवं द्वितीय के वरिष्ठ प्रबंधक ज्ञानेंद्र शर्मा एवं आदित्य शर्मा, नायब तहसीलदार रामकिशन व सीईटीपी चेयरमैन सुरेंद्र सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।






Users Today : 246
Total Users : 4584304
Views Today : 323
Total views : 4608439



