
NCRkhabar@Bhiwadi। स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) की पूर्व संध्या पर गुरुवार को पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, खैरथल (Khairthal) का प्रांगण देशभक्ति के रंगों से सरोबार हो उठा। मंच पर जब नन्हें-मुन्ने और युवाओं ने राष्ट्रगान की गूंज, वीर रस से भरे संवाद और नृत्य-नाटिकाओं की प्रस्तुति दी, तो हर दर्शक की आंखों में गर्व और खुशी की चमक दिखी।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला कलक्टर किशोर कुमार (IAS Kishore Kumar, District Collector) और उपस्थित अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ की। जैसे ही दीप की लौ जली, पूरे सभागार में देशभक्ति गीतों की मधुर लहर गूंज उठी। बालक-बालिकाओं ने झांसी की रानी और शहीद-ए-आजम भगत सिंह जैसे पात्रों को मंच पर जीवंत कर दिया। सामूहिक नृत्य में तिरंगे की लहराहट और लघु नाटिका में आज़ादी के संघर्ष की गूंज ने माहौल को भावुक और उत्साहपूर्ण बना दिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से हर प्रस्तुति का स्वागत किया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय की बालिका टीम ने जीता, द्वितीय स्थान के-टाइम के बच्चों को मिला, जबकि तृतीय स्थान राजकीय वरिष्ठ उपाध्याय संस्कृत विद्यालय के हिस्से में आया। सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम संचालन कौशिक और माधव बिहार ने उत्साह और सधी हुई वाणी के साथ किया। मंच के दोनों ओर तिरंगे की सजावट, रोशनी की झिलमिलाहट और बच्चों के चेहरे पर झलकता आत्मविश्वास, इस संध्या को अविस्मरणीय बना गया।

Users Today : 24
Total Users : 4572707
Views Today : 26
Total views : 4592225



