
शिक्षा संकुल परिषद जयपुर में हुआ 79वें स्वतंत्रता दिवस का आयोजन
ncrkhabar@Jaipur. डॉ. राधाकृष्णन शिक्षा संकुल परिषद आज़ादी के रंग में रंगा नजर आया। अवसर था 79वां स्वतंत्रता दिवस, जिसे शिक्षा विभाग ने पूरे उल्लास और गरिमा के साथ मनाया। समारोह का शुभारंभ शिक्षा विभाग के शासन सचिव कृष्ण कुणाल (IAS Krishan Kunal) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर किया। इस दौरान उपस्थित अधिकारी और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ देशभक्ति का संकल्प लिया।
शिक्षा समाज की प्राथमिकता
अपने संबोधन में शासन सचिव कृष्ण कुणाल ने कहा कि विभाग का लक्ष्य है कि हर बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाई जाए। उन्होंने कहा—
“एक शिक्षक राष्ट्र की आत्मा है, जबकि शिक्षा सशक्त, समृद्ध और प्रगतिशील लोकतंत्र की आधारशिला है।”
कुणाल ने यह भी स्पष्ट किया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसका मकसद जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को राष्ट्र निर्माण में सर्वोपरि बताते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 (NEP 2020) को शिक्षा जगत का नया मील का पत्थर बताया।
संकल्प और जिम्मेदारी
इस अवसर पर राज्य परियोजना निदेशक एवं आयुक्त अनुपमा जोरवाल (IAS Anupama Jorwal)ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव नहीं, बल्कि यह संकल्प लेने का अवसर है कि हम अपने सौंपे गए दायित्वों को पूर्ण समर्पण और निष्ठा से निभाएंगे। समारोह में अतिरिक्त राज्य परियोजना निदेशक सुरेश कुमार बुनकर, विभाग के उपायुक्त, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने स्वतंत्रता दिवस को हर्षोल्लास से मनाया और देशभक्ति के गीतों तथा नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।
Users Today : 3
Total Users : 4580047
Views Today : 15
Total views : 4602101



