

Crime@ncrnews.com/ Kishangarhbass. खैरथल- तिजारा जिले के किशनगढ़बास कस्बे में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब आदर्श कॉलोनी स्थित एक मकान से तेज दुर्गंध आने लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब मकान की रसोई का दरवाजा खोला तो नीले रंग के ड्रम के भीतर से शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश (यूपी) के शाहजहांपुर जिले Shahjhanpur District) के नवादिया खांडेपुर निवासी हंसराज उर्फ सूरज के रूप में हुई। शव पर नमक डाला गया था ताकि सड़न और दुर्गंध को रोका जा सके। इस वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है।
किराए पर रह रहा था परिवार
जांच में सामने आया कि मृतक अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ कुछ समय पहले मकान मालिक राजेश शर्मा के घर में किराए पर रहने आया था। पहले वह भिंडूसी में ईंट भट्टे पर मजदूरी करता था। शनिवार शाम तक बच्चे मोहल्ले में खेलते दिखाई दिए थे, लेकिन इसके बाद अचानक पत्नी बच्चों को लेकर लापता हो गई।
पुलिस ने जताई हत्या की आशंका
पुलिस का मानना है कि हत्या के बाद शव को रसोई में रखे ड्रम में छिपाया गया और महिला बच्चों सहित फरार हो गई। मकान की ऊपरी मंजिल को बंद कर दिया गया था ताकि किसी को शक न हो।
जांच में जुटी पुलिस व एफएसएल
डीएसपी राजेंद्र निर्वाणा (DSP Rajendra Nirvan) और थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत टीम सहित मौके पर पहुंचे और पड़ताल शुरू की। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है और परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मृतक की पत्नी व बच्चों की तलाश तेज कर दी गई है।

Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801



