आवासीय सोसायटी खेतों में छोड़ रही गंदा पानी, बाजरा की फसल हुई बर्बाद

SHARE:

ncrkhabar@bhiwadi. कस्बे के गोधान गांव के पास स्थित आनंद लोक सोसायटी से गंदा पानी सीधे खेतों में छोड़ा जा रहा है, जिससे बाजरे सहित अन्य फसलें खराब हो रही हैं और आसपास का वातावरण दूषित हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि पाइपलाइन के जरिए छोड़ा गया पानी उनके खेतों में भर जाता है, जिससे उनकी फसल  को नुकसान हो रहा है। गोधान गांव निवासी दीनू ने बताया कि गंदे पानी की वजह से उनके खेत में खड़ी बाजरे की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। उन्होंने कहा कि कई बार सोसायटी प्रबंधन से बात की गई, लेकिन समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। रविवार को सूचना मिलने के बाद भिवाड़ी फैज थर्ड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आनंद लोक सोसायटी के संचालकों को गंदा पानी बाहर नहीं छोड़ने के निर्देश दिए। ग्रामीणों का कहना है कि केवल चेतावनी से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा, जब तक सख्त कार्रवाई नहीं की जाती।

वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री के निर्देश पर अमल नहीं

गत बुधवार को वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री संजय शर्मा ने रीको रेस्ट हाउस में आयोजित जिला समीक्षा बैठक में निर्देश दिए थे कि जो हाउसिंग सोसायटीज बिना एसटीपी (सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट) के गंदा पानी बाहर छोड़ रही हैं, उनके खिलाफ तुरंत जांच कर सख्त कार्रवाई की जाए। बावजूद इसके कई सोसायटीज अब भी नियमों की अनदेखी कर रही हैं। इसके बावजूद प्रदूषण नियंत्रण मंडल की ओर से अभी तक गंदा पानी छोड़ने वाली सोसायटीज की जांच कर आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई है।

सोसायटी प्रबंधन का रिएक्शन नहीं

इस मामले में सोसायटी के मालिक सुनील जैन से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

किसानों और ग्रामीणों की मांग

गोधान गांव के किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि आनंद लोक सोसायटी पर तुरंत कार्रवाई की जाए और किसानों को हुए नुकसान की भरपाई की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि समस्या का समाधान न होने पर वे प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

 प्रमुख बिंदु

  • सोसायटी से गंदा पानी खेतों में छोड़ा जा रहा है।
  • बाजरे की खड़ी फसल पूरी तरह खराब।
  • पुलिस ने संचालकों को तुरंत गंदा पानी न छोड़ने के निर्देश दिए।
  • मंत्री ने जांच और सख्त कार्रवाई के आदेश दिए।
  • सोसायटी मालिक सुनील जैन से प्रतिक्रिया नहीं मिली।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 8 0 0 4
Users Today : 4
Total Users : 4580048
Views Today : 17
Total views : 4602103
Read More