राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट – 2025 : पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री को नई दिशा देने की तैयारी जयपुर में हुआ स्टेकहोल्डर्स मीट का आयोजन, विशेषज्ञों ने साझा किया विज़न, 12 से 14 सितंबर को आयोजित होगा पांचवां संस्करण

SHARE:

ncrkhabar@Jaipur/New Delhi. राजस्थान पर्यटन विभाग और फेडरेशन ऑफ हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म ऑफ राजस्थान (एफएचटीआर) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राजस्थान डोमेस्टिक ट्रैवल मार्ट (आरडीटीएम) – 2025 की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। आईटीसी राजपूताना, जयपुर में आयोजित स्टेकहोल्डर्स मीट में पर्यटन एवं हॉस्पिटैलिटी सेक्टर से जुड़े विशेषज्ञों, इंडस्ट्री लीडर्स और संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस बैठक में आगामी आयोजन की दिशा, स्वरूप और राज्य के पर्यटन उद्योग के लिए इसके महत्व पर विस्तृत चर्चा हुई।

इस अवसर पर राजस्थान पर्यटन विभाग के प्रमुख शासन सचिव श्री राजेश यादव, आयुक्त श्रीमती रूक्मणि रियार, एफएचटीआर अध्यक्ष श्री कुलदीप सिंह चंदेला, पूर्व अध्यक्ष श्री अपूर्व कुमार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्री सुरेन्द्र एस. शाहपुरा, महासचिव सीए वीरेंद्र एस. शेखावत सहित पर्यटन जगत के अनेक दिग्गज मौजूद रहे।

पर्यटन विकास को नई उड़ान

प्रमुख शासन सचिव श्री राजेश यादव ने कहा कि राजस्थान भारत और दुनिया भर के पर्यटकों के लिए हमेशा से विशेष आकर्षण का केंद्र रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023-24 में राज्य घरेलू और विदेशी पर्यटकों की पसंद में पाँचवें स्थान पर रहा है, जहाँ कुल हिस्सेदारी 7-8 प्रतिशत दर्ज की गई। राज्य सरकार ने पर्यटन अवसंरचना पर विशेष ध्यान देते हुए अगले पाँच वर्षों में 5,000 करोड़ रुपये का निवेश करने का लक्ष्य रखा है।

उन्होंने कहा कि अब समय है जब ऐतिहासिक स्मारकों से आगे बढ़कर अनुभव आधारित पर्यटन, ग्रामीण पर्यटन, साहसिक पर्यटन और स्वास्थ्य पर्यटन जैसे नए आयामों पर काम किया जाए। इसके लिए सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने जिलों में अनछुए विरासत स्थलों, प्राकृतिक आकर्षणों, सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण गाँवों, धार्मिक स्थलों और स्थानीय कला-शिल्प की पहचान कर उसे विकसित करें।

एफएचटीआर की भूमिका

एफएचटीआर महासचिव सीए वीरेंद्र एस. शेखावत ने बताया कि एफएचटीआर, राजस्थान पर्यटन उद्योग की शीर्ष संस्था है, जिसे होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान और राजस्थान एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स का सहयोग प्राप्त है। संस्था हमेशा से पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रही है।

वहीं एफएचटीआर अध्यक्ष श्री कुलदीप सिंह चंदेला ने कहा कि पर्यटन एक परिवार की तरह है, जिसमें सभी का सहयोग जरूरी है। उन्होंने पर्यटन क्षेत्र में अनुसंधान संस्थान स्थापित करने और छात्रों को जागरूक करने की आवश्यकता पर बल दिया।

पर्यटन के नए आयाम

राजस्थान पर्यटन विभाग की आयुक्त रूक्मणि रियार ने बताया कि 2019 से 2025 के बीच पर्यटन क्षेत्र ने उल्लेखनीय प्रगति की है। इस दौरान देश की जीडीपी में पर्यटन का योगदान 20 प्रतिशत बढ़ा है और पर्यटकों के खर्च में 9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। एफएचटीआर ने इस अवधि में भारत के 25 और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 5-6 प्रमुख आयोजनों में सक्रिय भागीदारी की है।

जयपुर में 12 से 14 सितंबर तक होगा आरडीटीएम

आरडीटीएम का पाँचवाँ संस्करण 12 से 14 सितंबर 2025 तक जयपुर में आयोजित होगा। इस आयोजन में इंडियन हेरिटेज होटल्स एसोसिएशन (आईएचएचए), होटल्स एंड रेस्टोरेंट्स एसोसिएशन ऑफ राजस्थान (एचआरएआर), राजस्थान एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (राटो), इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर ऑपरेटर्स (आईएटीओ), एसोसिएशन ऑफ डोमेस्टिक टूर ऑपरेटर्स ऑफ इंडिया (एडीटीओआई), पैसिफिक एशिया ट्रैवल एसोसिएशन (पाटा), ग्लोबल एसोसिएशन ऑफ इवेंट्स एंड हॉस्पिटैलिटी प्रोफेशनल्स और ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (टाई) जैसी प्रतिष्ठित संस्थाएँ भी सहयोगी भूमिका निभाएँगी।

पिछला संस्करण – बड़ी उपलब्धि

आरडीटीएम के पिछले संस्करण में 240 से अधिक राष्ट्रीय बायर्स और 280 राजस्थान-आधारित सेलर्स ने भाग लिया था। इस दौरान 7,000 से अधिक बी2बी मीटिंग्स आयोजित हुईं, जिनसे होटल बुकिंग, डेस्टिनेशन वेडिंग्स और क्यूरेटेड अनुभवों के लिए कई महत्वपूर्ण लीड्स मिलीं।

इस बार की उम्मीदें

आरडीटीएम 2025 से इस वर्ष और अधिक सहभागिता और व्यावसायिक अवसरों की अपेक्षा की जा रही है। इच्छुक प्रतिभागी और स्टेकहोल्डर्स अपनी सेवाएँ और उत्पाद प्रस्तुत करने, बायर्स से जुड़ने और राजस्थान के पर्यटन विकास का हिस्सा बनने के लिए एफएचटीआर की आधिकारिक वेबसाइट fhtr.in पर पंजीकरण कर सकते हैं।

 

Leave a Comment

Our Visitor

1 5 6 3 0 3
Users Today : 488
Total Users : 156303
Views Today : 616
Views This Year : 73650
Total views : 246070
Read More