
Crime@ncrkhabar.com-Bhiwadi. औद्योगिक नगरी भिवाड़ी की अरावली विहार सोसायटी में रहने वाली एक महिला ने विश्वास का ऐसा जाल बुना कि कई परिवार उसके झांसे में आ गए। बताया जा रहा है कि सुनीता मिश्रा पत्नी अनूप मिश्रा ने सोसायटी में रहने वाले दर्जनों लोगों से लाखों रुपये उधार लिए और अचानक परिवार सहित गायब हो गई। पीड़ित इंदर पटेल, राहुल अवस्थी, देशराज चौधरी, बबीता चौधरी, कृष्ण जांगिड, अजय यादव, अमित गौतम और प्रकाश शामिल हैं। उनका कहना है कि सुनीता मिश्रा ने कभी पारिवारिक जरूरत तो कभी बीमारी या अन्य बहाने बनाकर पैसे उधार लिए। कई बार उसने रकम ऑनलाइन अपने और परिवार के सदस्यों के खातों में मंगाई, जबकि कई बार नगद में ली। अब उसके मोबाइल नंबर बंद हैं और वह अपने फ्लैट से फरार है।
तीन साल से चल रहा था लेनदेन
पीड़ित राहुल अवस्थी ने बताया कि सुनीता मिश्रा से उनका करीब तीन से चार साल से लेनदेन चल रहा था। उन्होंने ऑनलाइन करीब आठ लाख रुपये उधार दिए थे और कुछ रकम नकद में भी दी थी। राहुल का कहना है कि अब उसका सुनीता से कोई संपर्क नहीं हो पा रहा और सोसायटी के कई लोग इसी तरह ठगी का शिकार हुए हैं। फिलहाल सभी पीड़ित मिलकर यह पता लगाने में जुटे हैं कि सुनीता ने कुल कितने लोगों से और कितनी रकम उधार ली। पूरी सूची तैयार कर पुलिस को सौंपी जाएगी।
‘बालाजी जा रही हूं’ कहकर हुई गायब सुनीता
जानकारी के अनुसार गत 9 सितंबर की सुबह सुनीता मिश्रा ने सोसायटी के कुछ लोगों को बताया कि उसके बेटे वैभव मिश्रा की तबीयत खराब है, इसलिए वह बालाजी जा रही है। इसके बाद से वह और उसका परिवार अपने फ्लैट पर दिखाई नहीं दिए। कुछ दिन बाद जब फ्लैट पर बाहरी लोगों की आवाजाही दिखी तो निवासियों को शक हुआ। तब जाकर यह मामला खुला।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच शुरू
शिकायतकर्ताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में सामूहिक शिकायत देकर आरोपी महिला को जल्द पकड़ने और ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भिवाड़ी थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि महिला ने किन-किन लोगों से और कितनी रकम ली तथा उसके बैंक खातों में कितनी ट्रांजैक्शन हुई है। घटना के बाद अरावली विहार सोसायटी में गुस्से का माहौल है। लोगों का कहना है कि एक ही सोसायटी में रहने के कारण सभी ने उस पर भरोसा किया, लेकिन उसने सभी का विश्वास तोड़ दिया। पीड़ितों का कहना है कि यह ठगी सुनियोजित तरीके से की गई है, और यदि समय रहते पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो ऐसी घटनाएं और भी बढ़ सकती हैं।


Users Today : 244
Total Users : 4584302
Views Today : 321
Total views : 4608437



