डंपिंग यार्ड में कचरा फेंकने पर भड़का लोगों का गुस्सा: जहरीला धुआं बन रहा बीमारी का कारण, लोगों ने नगर परिषद वाहन रोककर जताया विरोध

SHARE:

रामपुर मुंडाना डंपिंग यार्ड में कचरा डालने के खिलाफ प्रदर्शन करते पार्षद जग्गी व स्थानीय लोग।

Ncrkhabar@Bhiwadi.रामपुर मुंडाना स्थित रीको डंपिंग यार्ड में नगर परिषद द्वारा लगातार घरेलू कचरा डाले जाने और उसमें लगने वाली आग से उठ रहे जहरीले धुएं ने स्थानीय लोगों को संकट में डाल दिया है। मंगलवार को प्रदूषण से त्रस्त ग्रामीण, पार्षद जगदीश सिंह उर्फ जग्गी और स्कूली बच्चे एकजुट होकर यार्ड पहुंचे और कचरा डालने के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि कचरे की आग से उठ रहा धुआं पूरे इलाके में फैल रहा है, जिसके कारण आंखों में जलन, खांसी, सांस लेने में दिक्कत और एलर्जी जैसी समस्याएँ बढ़ गई हैं। कई परिवारों ने कहा कि उनकी रोजमर्रा की ज़िंदगी इस प्रदूषण से प्रभावित हो रही है और बच्चे सबसे ज्यादा बीमार पड़ रहे हैं। पार्षद जग्गी ने बताया कि घटना की जानकारी देने के लिए नगर परिषद आयुक्त, सहायक पर्यावरण अभियंता और मुख्य सफाई निरीक्षक को फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने नगर परिषद के टैंपो को यार्ड में घुसने से रोक दिया। मौके पर पहुंचे अग्निशमन अधिकारी नरेश मीणा को भी लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। उन्होंने बताया कि दमकल वाहन आग बुझाने में जुटे हैं, लेकिन कचरा डालने से रोकना उनकी जिम्मेदारी नहीं है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही और अव्यवस्थित कचरा प्रबंधन ने पूरे क्षेत्र को प्रदूषण के दलदल में धकेल दिया है। पहले कचरा गोधान के यार्ड में डाला जाता था, लेकिन वहां विरोध होने के बाद इसे रामपुर मुंडाना स्थानांतरित कर दिया गया, जिससे समस्या और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि डंपिंग यार्ड में घरेलू कचरा डालना बंद नहीं किया गया, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 2 6 9
Users Today : 15
Total Users : 4572698
Views Today : 16
Total views : 4592215
Read More