
Sports@ncrkhabar. com-Bhiwadi. भिवाड़ी निवासी मलिश्का शर्मा ने राज्य स्तरीय रिदमिक जिम्नास्टिक चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पांच पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। जिमनास्टिक फेडरेशन ऑफ इंडिया (जीएफआई) के तत्वावधान में 27 से 28 दिसंबर तक जोधपुर के चैनपुरा इनडोर स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता में मलिश्का ने वरिष्ठ वर्ग में खैरथल-तिजारा जिले का प्रतिनिधित्व किया। मलिश्का के पिता चिकित्सक डॉ. सुरेश शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में मलिश्का ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर अंक तालिका में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा ऑलराउंड स्पर्धा में भी स्वर्ण पदक हासिल कर उन्होंने कुल पांच पदक अपने नाम किए। इस शानदार उपलब्धि के आधार पर मलिश्का शर्मा का चयन राष्ट्रीय स्तरीय रिदमिक जिम्नास्टिक चैंपियनशिप के लिए किया गया है। अब वह पुणे में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में सीनियर वर्ग में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगी। मलिश्का की इस सफलता पर परिजनों, प्रशिक्षकों, खेल संघ के पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने खुशी जताते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।


Users Today : 192
Total Users : 4575942
Views Today : 239
Total views : 4596806



