
ncrkhabar@Bhiwadi.कस्बे के थड़ा गांव स्थित हिल व्यू गार्डन रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसाइटी (RWS) ने आधुनिक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है। सोसायटी में स्थापित सीसीटीवी सर्विलांस कंट्रोल रूम से अब पूरे परिसर की 24 घंटे कड़ी निगरानी की जा रही है, जिससे अपराध व असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सका है।
सोसायटी के मुख्य प्रवेश द्वार, सभी टावरों के कॉरिडोर, लिफ्ट, पार्किंग एरिया और सार्वजनिक स्थलों पर 150 से अधिक हाई-रिज़ॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन सभी कैमरों की लाइव फुटेज अत्याधुनिक कंट्रोल रूम में लगातार मॉनिटर की जा रही है, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अनधिकृत प्रवेश, चोरी, झगड़े या आपात स्थिति की तुरंत पहचान कर कार्रवाई की जा सकती है।
इस सुरक्षा व्यवस्था से विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा को मजबूती मिली है। खेलते बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों को आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराना भी अब आसान हो गया है।
आरडब्ल्यूएस के महासचिव धर्मेन्द्र कुमार गौतम ने बताया कि सोसायटी की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लाइव मॉनिटरिंग सिस्टम न केवल घटनाओं को रोकने में सहायक है, बल्कि किसी भी स्थिति में त्वरित निर्णय लेकर संभावित नुकसान को भी टाला जा सकता है।
उन्होंने दावा किया कि भिवाड़ी की यह पहली सोसायटी है, जहां आरडब्ल्यूएस स्तर पर इतनी व्यापक, संगठित और तकनीकी रूप से मजबूत सीसीटीवी सर्विलांस व्यवस्था लागू की गई है। हिल व्यू गार्डन आरडब्ल्यूएस कार्यकारिणी ने इसे सुरक्षित, अनुशासित और भरोसेमंद आवासीय वातावरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया है।




Users Today : 3
Total Users : 4580047
Views Today : 12
Total views : 4602098



