

ncrkhabar@Bhiwadi.गर्मी के मौसम में पेयजल संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अतिरिक्त जिला कलक्टर Shivpal Jat की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में बताया गया कि जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) ने जिले में पेयजल शिकायतों के निस्तारण के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया है। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि Rajasthan Sampark Portal पर लंबित परिवादों का समयबद्ध निस्तारण किया जाए और 30 दिन से अधिक पुराने मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। एडीएम ने टाइमलाइन का पालन नहीं होने और शिकायतों के उच्च स्तर तक पहुंचने पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को औसत निस्तारण समय में सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को प्रतिदिन कम से कम दो शिकायतकर्ता परिवारों से फोन पर संवाद कर फीडबैक लेने और उसका रिकॉर्ड संधारित करने को भी कहा, ताकि शिकायतों के वास्तविक समाधान का आकलन किया जा सके।
एक मार्च से संचालित हो रहा कंट्रोल रूम
पीएचईडी अधिकारियों के अनुसार ग्रीष्मकाल 2026 के दौरान पेयजल व्यवस्था की निगरानी और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम Khairthal-Tijara district में 1 मार्च 2026 से संचालित किया जा रहा है। यह कंट्रोल रूम अधीक्षण अभियंता पीएचईडी वृत खैरथल के कार्यालय परिसर, किशनगढ़बास नया बस स्टैंड के पास स्थापित किया गया है।आमजन पेयजल संबंधी शिकायत कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 01460-298735 और व्हाट्सएप नंबर 7374917525 पर दर्ज करा सकते हैं।
24 घंटे तीन शिफ्ट में तैनात रहेंगे कर्मचारी
कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की ड्यूटी तीन शिफ्टों में लगाई गई है, जिससे 24 घंटे शिकायतों की मॉनिटरिंग की जा सके। सहायक अभियंता सीताराम सैनी को कंट्रोल रूम प्रभारी तथा अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी अशोक कुमार मीणा को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि हर शिकायत का तुरंत संबंधित अभियंता को सूचित कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए और सभी शिकायतों का रिकॉर्ड पंजिका में दर्ज किया जाए। साथ ही फोन पर बातचीत के दौरान मृदुभाषी और संयमित व्यवहार रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
बैठक में समाज कल्याण अधिकारी रमेश दहमीवाल, कोषाधिकारी सुरेश कुमार बंसल, पीएचईडी अभियंता धर्मवीर यादव, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओमप्रकाश किराड, सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के उपनिदेशक वीरेंद्र त्यागी, कृषि अधिकारी गोपाल लाल मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



Users Today : 192
Total Users : 4575942
Views Today : 239
Total views : 4596806



