भिवाड़ी में वेतन विसंगतियों को लेकर श्रम सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक, श्रम सचिव ने मजदूरों को समय पर वेतन और बेहतर सुविधाएं देने के दिए निर्देश

SHARE:

ncrkhabar@Bhiwadi.भिवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ती वेतन विसंगतियों और श्रमिकों की समस्याओं को लेकर गुरुवार को रीको गेस्ट हाउस में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता श्रम एवं कारखाना एवं बॉयलर विभाग के सचिव पी.सी. किशन ने की, जिसमें औद्योगिक संगठनों, फैक्ट्री प्रबंधकों और लेबर ठेकेदारों के साथ अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में अतुल प्रकाश (जिला कलेक्टर), प्रज्ञा शर्मा (उप श्रम आयुक्त), वरिष्ठ निरीक्षक कारखाना एवं बॉयलर और विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस दौरान श्रमिकों को समय पर वेतन भुगतान, बेहतर कार्य परिस्थितियां और सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

श्रम सचिव पी.सी. किशन ने औद्योगिक इकाइयों को निर्देश दिए कि वे श्रमिकों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें और किसी भी स्थिति में वेतन भुगतान में देरी न हो। उन्होंने लेबर ठेकेदारों को भी स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मजदूरों को तय समय पर भुगतान किया जाए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों को लेकर भी प्रशासन सतर्क नजर आया। सचिव ने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की भड़काऊ या असामाजिक गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन को दी जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।इस दौरान फैक्ट्रियों में कैंटीन व्यवस्था को बेहतर बनाने, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा श्रमिकों के लिए मेडिकल सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

वहीं, जिला पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने स्पष्ट कहा कि अगर कोई असामाजिक तत्व श्रमिकों को भड़काने या औद्योगिक माहौल खराब करने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बैठक के दौरान औद्योगिक प्रतिनिधियों और लेबर ठेकेदारों ने वेतन का जल्द पुनरीक्षण करने की मांग भी रखी। प्रशासन ने इस पर सभी पक्षों के साथ समन्वय बनाकर समाधान निकालने का भरोसा दिया।

भिवाड़ी के रीको गेस्ट हाउस में वेतन विसंगतियों को लेकर आयोजित बैठक में उपस्थित श्रम सचिव पी.सी. किशन, जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश, एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय सहित औद्योगिक प्रतिनिधि व लेबर ठेकेदार।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 8 0 0 4
Users Today : 2
Total Users : 4580046
Views Today : 11
Total views : 4602097
Read More