Crime News : मायके जाने की जिद पर मां ने 8 माह की बेटी को पिलाया तेजाब, इलाज के दौरान हुई मौत

SHARE:

Crime@ncrkhabar. com-Bhiwadi/Alwar.भिवाड़ी के कैप्टन चौक स्थित श्रमिक कॉलोनी से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मायके जाने की जिद पूरी नहीं होने पर एक महिला द्वारा अपनी ही आठ माह की मासूम बेटी को तेजाब पिलाने का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद बुधवार को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और हर कोई इस वारदात से स्तब्ध है। मृत बच्ची के पिता मोहित मूल रूप सेराजस्थान के डीग जिले के नगर के रहने वाले हैं और वर्तमान में भिवाड़ी के कैप्टन चौक स्थित श्रमिक कॉलोनी में परिवार के साथ रह रहे थे। वह एक सोलर कंपनी में मार्केटिंग का काम करते हैं। घटना के समय मोहित काम पर गए हुए थे, जबकि घर पर उनकी पत्नी सपना और आठ माह की बेटी मौजूद थीं।

मायके जाने को लेकर हुआ था विवाद

मोहित ने बताया कि उनकी पत्नी सपना पिछले कई दिनों से मायके जाने की जिद कर रही थी। सोमवार को भी उसने फोन कर मायके छोड़ने की बात कही। मोहित ने उसे समझाया कि कंपनी से छुट्टी नहीं मिल रही है और छुट्टी मिलते ही वह उसे मायके छोड़ आएगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि पति के काम पर जाने के बाद गुस्से में सपना ने घर में रखा तेजाब अपनी ही मासूम बच्ची को पिला दिया। तेजाब पीते ही बच्ची की हालत बिगड़ गई और वह तड़पने लगी। परिजन तुरंत उसे भिवाड़ी के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे अलवर के गीतांजलि शिशु अस्पताल रेफर कर दिया गया।

दो दिन आईसीयू में जिंदगी की जंग लड़ती रही मासूम

अलवर के अस्पताल में बच्ची का दो दिनों तक आईसीयू में इलाज चला। डॉक्टरों ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन बुधवार को मासूम ने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मोहित ने आरोपी पत्नी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उसकी मासूम बेटी ने बिना किसी गलती के दर्दनाक मौत झेली है और उसे न्याय मिलना चाहिए।

जांच में जुटी पुलिस

भिवाड़ी फेज थर्ड थाना एसएचओ प्रदीप नेहरा ने बताया कि बच्ची का अलवर में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बच्ची के पिता मोहित के बयान दर्ज करने के बाद आरोपी महिला से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 3
Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801
Read More