ऑपरेशन म्यूल हंटर के तहत 116 साइबर ठग गिरफ्तार, दो महीने चला विशेष अभियान

SHARE:

Crime@ncrkhabar. com-Bhiwadi.राजस्थान पुलिस द्वारा साइबर अपराधियों के खिलाफ एक अप्रैल से 31 मई 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान “ऑपरेशन म्यूल हंटर” के तहत भिवाड़ी व खैरथल-तिजारा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 116 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। अभियान के दौरान 60 प्रकरण दर्ज कर करोड़ों रुपये की साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे बैंक खातों और सिम कार्ड नेटवर्क का खुलासा किया गया।

पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में साइबर सेल और विभिन्न थाना पुलिस टीमों ने भिवाड़ी, चौपानकी, टपूकड़ा, शेखपुर अहीर, तिजारा, जैरोली, किशनगढ़ बास, कोटकासिम, खैरथल और ततारपुर क्षेत्रों में दबिश देकर कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 161 मोबाइल फोन, 181 सिम कार्ड, सात एटीएम कार्ड, पांच चेक बुक, तीन पासबुक, 14,500 रुपये नकद और एक थार कार बरामद की। पुलिस जांच में सामने आया कि साइबर ठग भोले-भाले लोगों को झांसे में लेकर उनके बैंक खाते किराये पर लेते थे और उन्हीं खातों के जरिए साइबर ठगी की रकम का लेन-देन करते थे। आरोपी फर्जी वेबसाइट, घर बैठे नौकरी, पेन-पेंसिल कंपनी में काम, फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर ब्लैकमेलिंग, सस्ते लैपटॉप बेचने और टेलीग्राम-व्हाट्सएप ग्रुप पर निवेश व टास्क पूरा करने के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे। पुलिस साइबर अपराध रोकथाम के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा और साइबर ठगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रखेगी।

इस तरह करते हैं साईबर ठगी

साइबर अपराधी दलालों और बिचौलियों के माध्यम से लोगों को कमीशन, किराया या सरकारी योजना का लाभ दिलाने का लालच देकर बैंक खाते, लिंक सिम कार्ड, एटीएम कार्ड और इंटरनेट बैंकिंग आईडी हासिल कर लेते थे। बाद में इन्हीं खातों का उपयोग साइबर अपराध में किया जाता था।

 

इस तरह साईबर ठगी से बचें 

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, सिम कार्ड, ओटीपी, आधार कार्ड, पैन कार्ड या अन्य दस्तावेज उपलब्ध न कराएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर ठगी की जानकारी तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, भिवाड़ी साइबर हेल्पलाइन 8764874334 या www.cybercrime.gov.in पर दें।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 3
Users Today : 189
Total Users : 4575939
Views Today : 234
Total views : 4596801
Read More