Khairthal-Tijara News: नशे के खिलाफ चलाया जाएगा विशेष अभियान, स्कूलों में लगेंगे शिकायत बॉक्स और मेडिकल स्टोर्स पर होगी सख्त निगरानी

SHARE:

Ncrkhabar@Khairthal-Tijara.जिले में बढ़ते नशे के कारोबार और अवैध मादक पदार्थों की गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश की अध्यक्षता में जिला सचिवालय में नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर (NCORD) की जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें नशा तस्करी, अफीम एवं गांजे की अवैध खेती, प्रतिबंधित दवाइयों के दुरुपयोग और नशा मुक्ति अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में जिला कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता गतिविधियों को भी तेज किया जाए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को “लक्ष्मण रेखा अभियान” के तहत पांच विद्यालयों का चयन कर धूम्रपान शिकायत बॉक्स स्थापित करवाने तथा 1 जुलाई से पहले सभी विद्यालयों के प्रवेश द्वार पर धूम्रपान निषेध बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में नियमित नशा मुक्ति कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।

बैठक में चिकित्सा एवं औषधि विभाग को मेडिकल स्टोर्स पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित करवाने तथा पर्चे से मिलने वाली दवाइयों की बिक्री की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग को आईईसी गतिविधियों, क्रिएटिव वीडियो, पोस्टर और जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से लोगों को तंबाकू एवं नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।

जिला कलक्टर ने स्पष्ट किया कि कृषि एवं वन विभाग के क्षेत्र में अफीम या अन्य मादक पदार्थों की अवैध खेती पाए जाने पर संबंधित विभाग की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही कोटपा अधिनियम के तहत प्रभावी कार्रवाई और चालान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में पुलिस एवं आबकारी विभाग द्वारा की गई कार्रवाई का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया गया। जानकारी के अनुसार गत एक जनवरी से अब तक भिवाड़ी पुलिस ने 34 मामलों में 35 आरोपियों को गिरफ्तार कर 15.74 किलो गांजा, स्मैक, चिट्टा, वनरेक्स कफ सिरप और प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद किए हैं। वहीं आबकारी अधिनियम के तहत 102 मामलों में 94 आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई।

खैरथल पुलिस ने 27 मामलों में 38 आरोपियों को गिरफ्तार कर 5050 अफीम के पौधे, स्मैक और प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किए। वहीं आबकारी विभाग ने 30 मामलों में कार्रवाई करते हुए 64.56 लीटर देसी शराब जब्त की और 99,200 लीटर वॉश नष्ट कराया। जिला कलक्टर ने आमजन से अपील की कि नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना टोल फ्री नंबर 1933 पर दें, ताकि प्रशासन और पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई की जा सके।

बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर शिवपाल जाट, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जया सिंह, उपनिदेशक समाज कल्याण विभाग रमेश दहमीवाल, सीएमएचओ डॉ. अरविंद गेट, उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पूरणमल मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी रमेश कुमार मेघ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जिला सचिवालय में आयोजित एनसीओआरडी समिति की बैठक में नशे के खिलाफ कार्रवाई और जनजागरूकता अभियान की समीक्षा करते जिला कलक्टर अतुल प्रकाश एवं उपस्थित अधिकारी।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 7 5 9 2
Users Today : 179
Total Users : 4575929
Views Today : 223
Total views : 4596790
Read More