
जिला सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में पेंशन प्रकरणों के जल्द निस्तारण और आपदा प्रबंधन तैयारियों के दिए निर्देश
ncrkhabar@Bhiwadi.खैरथल-तिजारा जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने सोमवार को जिला सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा समाधान योग्य मामलों को अनावश्यक रूप से उच्च स्तर पर लंबित नहीं रखा जाए।
बैठक में जिला कलक्टर ने लंबित पेंशन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी और सभी उपखंड अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर लंबित मामलों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही चिकित्सा संस्थानों के निरीक्षण में पाई गई कमियों को तुरंत दूर करने तथा जनगणना कार्य में सामने आए लॉजिकल एरर को सुधारने के निर्देश भी दिए गए। राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर देते हुए अधिकारियों को न्यायालयीन फाइलों में अगली तारीख स्वयं अंकित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान यह भी देखा जाएगा कि फाइलों में तारीख किसके द्वारा दर्ज की गई है।
बैठक में जल जीवन मिशन के कार्यों की भी समीक्षा की गई। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को वित्तीय कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए ताकि आगामी बजट स्वीकृति में किसी प्रकार की बाधा न आए। इसके अलावा सीएलएफ भवनों के लिए भूमि चिन्हीकरण, कन्वर्जन प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण, बॉर्डर होमगार्ड के लिए भूमि उपलब्ध कराने और मुंडावर क्षेत्र के लिए बस आवंटन प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
मानसून और आपदा प्रबंधन तैयारियों की समीक्षा
समीक्षा बैठक के बाद आयोजित जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति की बैठक में आगामी मानसून और संभावित प्राकृतिक आपदाओं को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने सभी नगर निकायों को जलभराव वाले क्षेत्रों में मड पंप उपलब्ध रखने और बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सैंड बैग तैयार रखने के निर्देश दिए। अस्पतालों में सर्पदंश के मामलों से निपटने के लिए एंटीवेनम दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा विद्युत विभाग को ढीले बिजली तारों और केबलों को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत स्तर पर राहत एवं बचाव कार्यों के लिए रस्सी, ट्यूब सहित अन्य संसाधन उपलब्ध रखने को भी कहा गया। जिला कलक्टर ने बताया कि जिला स्तरीय कंट्रोल रूम 24 घंटे संचालित किया जा रहा है। इसके साथ ही सभी ब्लॉक स्तरों पर भी कंट्रोल रूम स्थापित कर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में एडीएम खैरथल शिवपाल जाट, एएसपी भिवाड़ी श्रीमन लाल मीणा, एएसपी खैरथल जया सिंह, सीएमएचओ डॉ. अरविंद गेट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



Users Today : 392
Total Users : 4546563
Views Today : 471
Total views : 4558777


