Crime News: आशियाना विलेज सोसायटी के फ्लैट से लाखों की चोरी कर नेपाल में छिपी घरेलू सहायिका गिरफ्तार

SHARE:

Ncrkhabar@Bhiwadi.भिवाड़ी थाना पुलिस ने आशियाना विलेज (रंगोली) सोसायटी के एक फ्लैट से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर नेपाल फरार हुई घरेलू सहायिका को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी महिला को नेपाल बॉर्डर से भारत लाकर नियमानुसार गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब चोरी गए सामान की बरामदगी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है। पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय के निर्देशन तथा थाना प्रभारी सचिन शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने करीब चार महीने तक लगातार तकनीकी और मानवीय सूचना तंत्र के जरिए आरोपी का पीछा किया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे करीब 120 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा साइबर टीम की मदद से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी।

केरल गए परिवार ने कामवाली के भरोसे छोड़ा था घर

थानाधिकारी सचिन शर्मा ने बताया कि आशियाना विलेज निवासी अनुप गोपीनाथ ईसावा ने 22 फरवरी 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके माता-पिता 21 फरवरी को केरल गए थे और घर की देखभाल की जिम्मेदारी घरेलू सहायिका लक्ष्मी उर्फ लालकौरा सहकारी को सौंपी थी। बाद में जब उससे संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उसका मोबाइल बंद मिला। पड़ोसियों ने घर खुला होने की सूचना दी। घर पहुंचने पर अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान गायब मिला।

लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस को देती रही चकमा

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी, जिससे उसकी गिरफ्तारी में कठिनाई आ रही थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, साइबर इनपुट, स्थानीय सूचना तंत्र और पारंपरिक पुलिसिंग के जरिए आरोपी तक पहुंच बनाई।

नेपाल बॉर्डर से पकड़कर लाई गई आरोपी

पुलिस ने आरोपी लालकौरा सहकारी उर्फ लक्ष्मी (37), निवासी रुपसा, जिला कालिकोट, कर्णाली प्रदेश (नेपाल) को नेपाल बॉर्डर से दस्तयाब कर भारत लाया और गिरफ्तार किया। आरोपी से पूछताछ जारी है तथा चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि वारदात में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 8 0 0 4
Users Today : 2
Total Users : 4580046
Views Today : 11
Total views : 4602097
Read More