Bhiwadi News: नगर परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक से मारपीट के आरोपी अब तक फरार, तीसरे दिन भी हड़ताल पर रहे कर्मचारी

SHARE:

ncrkhabar@Bhiwadi भिवाड़ी नगर परिषद के मुख्य सफाई निरीक्षक (सीनियर मैनेजर सॉलिड वेस्ट) दिनेश कुमार मीणा के साथ शुक्रवार को हुई मारपीट के विरोध में कर्मचारियों का आंदोलन सोमवार को लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। नगर परिषद कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए कार्यालय के मुख्य गेट पर धरना दिया। धरने पर राजस्थान नगर पालिका कर्मचारी फेडरेशन भिवाड़ी शाखा अध्यक्ष नरेश मीणा, सहायक अभियंता अंकित श्रीवास्तव व धर्मेंद्र चौधरी, मुख्य सफाई निरीक्षक दिनेश मीणा के अलावा दिनेश सैन सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी बैठे हुए हैं। वहीं राजस्थान नगर पालिका कर्मचारी फेडरेशन के आह्वान पर खैरथल-तिजारा जिले की सभी नगर पालिकाओं और नगर परिषदों में पेन डाउन और असहयोग आंदोलन चलाया गया। कर्मचारियों का कहना है कि घटना के तीन दिन बाद भी नामजद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो आंदोलन को पूरे प्रदेश में विस्तार दिया जाएगा।

जिलेभर में पेन डाउन, प्रशासन को सौंपेंगे ज्ञापन

राजस्थान नगर पालिका कर्मचारी फेडरेशन, जिला खैरथल-तिजारा के संरक्षक एवं भिवाड़ी शाखा अध्यक्ष नरेश मीणा ने बताया कि जिले के सभी नगरीय निकायों के कर्मचारियों ने सोमवार को कार्य बहिष्कार किया। कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल जिला कलक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करेगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित किए बिना सामान्य कार्य संभव नहीं है।

सफाई व्यवस्था पर पड़ा सीधा असर

नगर परिषद कार्यालय परिसर में खड़े ऑटो टिपर

नगर परिषद कर्मचारियों की हड़ताल का असर अब शहर की सफाई व्यवस्था पर भी साफ दिखाई देने लगा है। शुक्रवार से ऑटो टिपर नगर परिषद परिसर में ही खड़े हैं और कई वार्डों से कचरे का उठाव नहीं हो पा रहा है। शहर के विभिन्न इलाकों में कूड़े के ढेर लगने लगे हैं, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।

यह है पूरा मामला

मुख्य सफाई निरीक्षक दिनेश कुमार मीणा के अनुसार, कार्य में लापरवाही के कारण हटाए गए कुछ ऑटो टिपर चालकों को समझाने के बाद वे काम पर लौट गए थे। इसके बाद नगर परिषद परिसर में कचरा डलवाने का विरोध करने पर देवेंद्र भिदूड़ी, कुलदीप दायमा, सतीश चावड़ा, दिवेश दायमा, लीलू बैंसला सहित अन्य लोगों ने उनके साथ कथित रूप से गाली-गलौज, हाथापाई और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। भिवाड़ी थाना पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच डीएसपी कैलाश चौधरी कर रहे हैं, जबकि कर्मचारी लगातार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

नगर परिषद कार्यालय में धरने पर बैठे अधिकारी व कर्मचारी।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 8 4 3 0
Users Today : 243
Total Users : 4584301
Views Today : 320
Total views : 4608436
Read More