Bhiwadi News: खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, चौपानकी औद्योगिक क्षेत्र स्थित वरुण बेवरेज लिमिटेड से स्टिंग एनर्जी की 21,200 कैन सीज, जांच के लिए नमूने जयपुर भेजे

SHARE:

Ncrkhabar@Bhiwadi. राजस्थान सरकार के “शुद्ध आहार, मिलावट पर वार” अभियान के तहत भिवाड़ी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चौपानकी औद्योगिक क्षेत्र स्थित वरुण बेवरेज लिमिटेड से स्टिंग एनर्जी ब्रांड की 180 एमएल क्षमता वाली 21,200 कैन सीज कर दीं। विभाग ने उत्पाद के नमूने लेकर उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया है। कार्रवाई लेबल पर किए गए दावों की जांच और खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर की गई।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण राजस्थान के आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला तथा खैरथल-तिजारा जिला कलक्टर अतुल प्रकाश के निर्देश पर सीएमएचओ कार्यालय की खाद्य सुरक्षा टीम ने गुरुवार को फैक्ट्री का निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट ने बताया कि निरीक्षण के दौरान स्टिंग एनर्जी के लेबल पर “Stimulates Mind”, “Energizes Body” और “Same Great Taste” जैसे दावे पाए गए। इन दावों की वैधानिक जांच के लिए खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत उत्पाद के नमूने लिए गए और 21,200 कैन सीज कर दी गईं। उन्होंने बताया कि लैब रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित कंपनी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आरसी पैलेस होटल से लिए दही और पनीर के सैंपल

कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मंशा चौक स्थित आरसी पैलेस होटल का भी निरीक्षण किया। यहां से दही और पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। होटल संचालक को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

एफएसएसएआई के दिशा-निर्देशों के तहत होगी जांच

खाद सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने बताया कि एफएसएसएआई (Food Safety and Standards Authority of India) के दिशा-निर्देशों के अनुसार कैफिनेटेड पेय पदार्थों के लेबल पर “Stimulates Mind”, “Energizes Body”, “Energy Drink” और “Sports Drink” जैसे दावे भ्रामक प्रचार की श्रेणी में आ सकते हैं। इसी संबंध में हाल ही में एफएसएसएआई ने पेय पदार्थ बनाने वाली कंपनियों को आवश्यक दिशा-निर्देश और नोटिस जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में मिलावटी और मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

चौपानकी औद्योगिक क्षेत्र स्थित वरुण बेवरेज लिमिटेड में स्टिंग एनर्जी की 21,200 कैन सीज करने की कार्रवाई करती खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 6 3 1 7
Users Today : 60
Total Users : 4563174
Views Today : 67
Total views : 4579457
Read More