
ncrkhabar@Khairthal-Tijara.खैरथल-तिजारा जिले के जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए हैं। सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि आमजन से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक के दौरान जिला कलक्टर ने संपर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को नियमित रूप से शिकायतों की संख्या कम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कोई परिवाद संबंधित विभाग का नहीं है तो परिवादी से संपर्क कर उसे तत्काल उचित विभाग को स्थानांतरित किया जाए। बिना कारण प्रकरणों को एक विभाग से दूसरे विभाग में भेजकर लंबित रखना स्वीकार्य नहीं होगा। उन्होंने ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के प्रभावी संचालन पर जोर देते हुए पालनहार योजना की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही एक सप्ताह के भीतर अध्ययनरत होने के प्रमाण पत्र जारी कर पात्र विद्यार्थियों को योजना का लाभ दिलाने को कहा।
बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी को पीएम श्री स्कूलों और राजकीय छात्रावासों का निरीक्षण कर आवश्यक सुविधाओं की कमी दूर करने के निर्देश दिए गए। जिन विद्यालयों में अभी तक पेयजल के लिए नल कनेक्शन उपलब्ध नहीं हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर कनेक्शन सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिला कलक्टर ने स्वयं सहायता समूहों को बेहतर कार्यस्थल उपलब्ध कराने के लिए सीएलएफ भवनों का चिन्हीकरण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा हरियालो राजस्थान अभियान के तहत निर्धारित पौधरोपण लक्ष्य तय समय सीमा में पूरा करने पर विशेष जोर दिया। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर शिवपाल जाट, उपाधीक्षक लाल सिंह यादव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट, अधीक्षण अभियंता ओमप्रकाश किराड़, अधीक्षण अभियंता धर्मवीर यादव, कोषाधिकारी सुरेश कुमार बंसल, उपनिदेशक महेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Users Today : 191
Total Users : 4575941
Views Today : 237
Total views : 4596804



