

Ncrkhabar@Bhiwadi.रामपुरा की पहाड़ियों में युवती मुस्कान की हत्या के मामले में भिवाड़ी थाना पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मो. सागर अली उर्फ शाहबाज खान ने अपने एक साथी के साथ मिलकर मुस्कान को पहाड़ी पर बुलाया और उसके सिर पर पत्थर से वार कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को जंगली जानवरों की मांद के सामने डाल दिया गया, ताकि शव को जानवर खा जाएं और वारदात के साक्ष्य नष्ट हो जाएं। गिरफ्तार आरोपी बिहार के सहरसा जिले के सलखुआ थाना क्षेत्र के हरेवा निवासी मो. सागर अली उर्फ शाहबाज खान वर्तमान में भिवाड़ी के जुग्गू कॉलोनी, सांथलका में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस वारदात में शामिल उसके साथी की तलाश के साथ ही हत्या के कारण और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
भिवाड़ी थाना एसएचओ सचिन शर्मा ने बताया कि अजीत कॉलोनी, आलमपुर मंदिर निवासी गुड़िया खातून पत्नी रहमान अली ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया कि उसकी बेटी मुस्कान जनवरी 2026 से मो. सागर अली उर्फ शाहबाज खान के साथ जुग्गू कॉलोनी, सांथलका में रह रही थी। 19 जून से मुस्कान से उसकी मां की बात नहीं हो पा रही थी। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था। बेटी की जानकारी लेने के लिए गुड़िया खातून सांथलका पहुंची और शाहबाज से पूछताछ की, लेकिन उसने मुस्कान के बारे में कोई जानकारी देने से इनकार कर दिया। इसी दौरान 22 जून की रात रामपुरा की पहाड़ियों में एक युवती का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। बाद में पुलिस ने गुड़िया खातून को शव मिलने की सूचना दी। जिला अस्पताल पहुंची मां ने शव की पहचान अपनी बेटी मुस्कान के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
250 से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय के निर्देश पर एसएचओ सचिन शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल भिवाड़ी को संदिग्धों के मोबाइल नंबरों और तकनीकी अनुसंधान से संबंधित आवश्यक डाटा उपलब्ध कराया गया। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी अनुसंधान को आधार बनाकर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान करीब 200 से 250 सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
एसएचओ सचिन शर्मा ने बताया कि मामले का खुलासा करने में एएसआई राजकुमार, रामनिवास, प्रवीण कुमार सहित पुलिस टीम के अन्य जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम ने राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के करीब 40 जिलों में संदिग्धों के परिजनों, मित्रों और संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई। पुलिस ने करीब 325 संभावित स्थानों पर निगरानी रखी। टीम के सदस्यों ने अपनी पहचान छिपाकर आमजन के बीच रहकर भी सूचना जुटाई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र से मिली जानकारी के आधार पर अज्ञात शव की पहचान करने के साथ वारदात में शामिल संदिग्धों तक पहुंच बनाई गई।
7000 किलोमीटर तक पीछा, बिहार से दबोचा
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान होने के बाद उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी गई। आरोपी पुलिस से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदलता रहा। पुलिस टीम भी उसका पीछा करती रही और करीब 7000 किलोमीटर की दूरी तय की।
आखिरकार पुलिस ने आरोपी मो. सागर अली उर्फ शाहबाज खान को बिहार के सहरसा जिले के हरेवा गांव से गिरफ्तार कर लिया।
प्रेम संबंध के बाद रची हत्या की साजिश
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने मुस्कान के पारिवारिक विवाद और उसकी परिस्थितियों के बारे में जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मुस्कान अपनी पारिवारिक परिस्थितियों को लेकर परेशान रहती थी। आरोपी ने बताया कि मुस्कान की मां के एक मित्र की कथित तौर पर उस पर गलत नजर थी, जिसे लेकर मुस्कान का अपनी मां से विवाद होता था। बाद में मुस्कान की मां ने अपने भाई से उसकी शादी करा दी थी। इसके बाद वह परेशान रहने लगी थी। पुलिस के अनुसार मुस्कान ने अपने जीवन में जिन लोगों के कारण परेशान होने की बात कही थी, उनके बारे में खुलासा करने के बाद आत्महत्या करने की बात कही थी। पुलिस के अनुसार इसी दौरान सागर अली और उसके एक साथी ने मुस्कान को रास्ते से हटाने की साजिश रची। दोनों ने उसे मिलने के बहाने पहाड़ी क्षेत्र में बुलाया। आरोप है कि मुस्कान के पहाड़ी पर पहुंचने के बाद दोनों ने उसके सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी।
शव को जंगली जानवरों की मांद के सामने फेंका
पुलिस पूछताछ के अनुसार हत्या के बाद आरोपियों ने शव को जंगली जानवरों की मांद के सामने डाल दिया। आरोपियों का मकसद शव को जानवरों द्वारा खाए जाने के बाद हत्या के साक्ष्य मिटाना था। हालांकि, शव पूरी तरह क्षत-विक्षत होने से पहले पुलिस को इसकी सूचना मिल गई। इसके बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र की मदद से घटनाक्रम की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं। लगातार जांच के बाद पुलिस अज्ञात शव की पहचान करने और हत्या में शामिल आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
पांच दिन के रिमांड पर आरोपी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी सागर अली उर्फ शाहबाज खान को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस आरोपी से हत्या की पूरी वजह, वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की भूमिका, घटनास्थल और हत्या से जुड़े अन्य साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है। पुलिस दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए भी संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

Users Today : 12
Total Users : 4572695
Views Today : 13
Total views : 4592212



