Rajasthan Police Cleanliness Campaign: राजस्थान में हर माह चुना जाएगा सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना, ड्रोन से होगी स्वच्छता की निगरानी

SHARE:

ncrkhabar@NewDelhi.राजस्थान के सभी पुलिस थानों में 31 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत थाना परिसर, मालखानों और पुलिस बैरकों की साफ-सफाई के साथ बुनियादी सुविधाओं में सुधार किया जाएगा। खास बात यह है कि अभियान समाप्त होने के बाद भी हर माह सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाने का चयन कर उसे पुरस्कृत किया जाएगा। स्वच्छता कार्यों की निगरानी के लिए ड्रोन से पहले और बाद की फोटो व वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

पुलिस थानों में स्वच्छता व्यवस्था सुधारने पर जोर

राजस्थान पुलिस ने प्रदेश के सभी पुलिस थानों में स्वच्छता और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत 31 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़ा आयोजित होगा। अभियान का उद्देश्य पुलिस थानों में साफ-सफाई बनाए रखने के साथ परिसर को व्यवस्थित बनाना और आमजन के लिए सुविधाओं में सुधार करना है।केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन की अध्यक्षता में शुक्रवार को नई दिल्ली में हुई बैठक में इस अभियान को लेकर चर्चा की गई। बैठक में राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। बैठक के बाद डीजीपी ने पुलिस रेंज के महानिरीक्षकों, पुलिस आयुक्तों, जिला पुलिस अधीक्षकों और डीसीपी को सभी थानों में अभियान प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

ड्रोन से होगी सफाई से पहले और बाद की निगरानी

अभियान के तहत पुलिस थाना परिसर और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई कराई जाएगी। सफाई कार्य शुरू होने से पहले ड्रोन से फोटो और वीडियोग्राफी कराकर पुलिस मुख्यालय को भेजनी होगी। अभियान के बाद दोबारा ड्रोन से फोटो और वीडियो तैयार कराए जाएंगे। इससे सफाई से पहले और बाद की स्थिति की तुलना कर स्वच्छता व्यवस्था में हुए सुधार का आकलन किया जा सकेगा।

मालखानों और जब्त वाहनों का भी होगा निस्तारण

पुलिस महानिदेशक ने थानों के मालखानों में रखी सामग्री और जब्त वाहनों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा आमजन की सुविधा के लिए स्वागत कक्षों को बेहतर बनाने, डिजिटल सूचना बोर्ड स्थापित करने, पुलिस बैरकों की सफाई और थाना परिसरों में रंग-रोगन सहित आवश्यक सुधार कार्य कराने पर जोर दिया गया है।

जिला, रेंज और राज्य स्तर पर मिलेंगे पुरस्कार

स्वच्छता अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस थानों को तीन स्तरों पर पुरस्कृत किया जाएगा। जिला पुलिस अधीक्षक अपने जिले के सर्वश्रेष्ठ थाने का चयन करेंगे। रेंज स्तर पर पुलिस महानिरीक्षक और राज्य स्तर पर पुलिस मुख्यालय उत्कृष्ट थानों को सम्मानित करेगा।

अभियान की खास बात यह है कि 31 अक्टूबर को पखवाड़ा समाप्त होने के बाद भी हर माह सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाने का चयन किया जाएगा। इससे थानों में स्वच्छता बनाए रखने और व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार की प्रक्रिया को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक कुंवर राष्ट्रदीप, आलोक श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 8 0 0 7
Users Today : 29
Total Users : 4580073
Views Today : 67
Total views : 4602153
Read More