

आदिवासी बच्चों से मिले, शिक्षा पर दिया जोर
ncrkhabar.com@Jaipur. राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ( Haribhau Bagde, Governor Of Rajasthan) ने अपने जन्मदिन को अनोखे अंदाज़ में मनाते हुए आदिवासी समुदाय के बीच जाकर उनके सुख-दुख में साझेदारी की। उन्होंने सलूम्बर जिले (Salumber District) के ग्राम बरोड़ा में शनिवार रात आदिवासी परिवारों के साथ चौपाल लगाई, खाट पर बैठकर आत्मीय संवाद किया और बच्चों को प्रेरक कहानियां सुनाकर उनका मन मोह लिया। अगले दिन सुबह उन्होंने न केवल वृक्षारोपण किया बल्कि आदिवासी बच्चों संग जन्मदिन का केक काटकर उन्हें सबसे पहले खिलाया। इस दौरान राज्यपाल ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और शिक्षा व परंपराओं के संरक्षण पर विशेष जोर दिया।

आदिवासी बच्चों के बीच केक काटा, वीरों की कहानियां सुनाईं
जन्मदिन के अवसर पर राज्यपाल बागडे एकलव्य मॉडल स्कूल पहुंचे, जहां बच्चों ने उत्साह के साथ उनका स्वागत किया। राज्यपाल ने सबसे पहले बच्चों को केक खिलाया और उनसे खूब बातचीत की। उन्होंने बच्चों को मेहनत और शिक्षा के बल पर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। बच्चों को मेवाड़ की गौरवशाली वीरता और महाराणा प्रताप की संघर्ष गाथाएं सुनाते हुए उन्होंने बताया कि भील समाज की वीरता और सहयोग से ही महाराणा प्रताप ने मुगलों के खिलाफ युद्ध लड़ा था।
विकास योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश
राज्यपाल ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं से अधिकाधिक आदिवासियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लाभार्थियों से संवाद कर चेक वितरण भी किया और कहा कि किसान सम्मान निधि, आरोग्य योजना और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से गरीब व आदिवासी समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ना ही सरकार का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने आदिवासी उत्पादों के विपणन को बढ़ावा देने का आह्वान किया और बच्चों की शत-प्रतिशत शिक्षा सुनिश्चित करने का संकल्प दोहराया।

Users Today : 198
Total Users : 4575948
Views Today : 245
Total views : 4596812



