दिल्ली से अवैध मादक पदार्थ सप्लाई करने भिवाड़ी आ रहे दो युवक गिरफ्तार, 50 लाख की स्मैक बरामद

SHARE:

Crime@ncrkhabar.com-Bhiwadi/New Delhi.  चौपानकी थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने नशे के धंधे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली से स्मैक सप्लाई करने आए दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 259 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 50 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

ऐसे दबोचे गए आरोपी

एसपी प्रशांत किरण ने बताया कि थानाधिकारी चौपानकी नाथूलाल अपनी टीम के साथ अजमेरी गेट नाका पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चैकिंग कर रहे थे। इसी दौरान दिल्ली नंबर की बाइक पर दो युवक सारेकलां की ओर से आते दिखे। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों भागने लगे। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर दोनों को धर दबोचा।

पहचान और बरामदगी

गिरफ्तार युवकों की पहचान कमल पुत्र ठाकुरचंद डाकोत और कुलदीप पुत्र ओमप्रकाश डाकोत, निवासी बुराड़ी (दिल्ली) के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर बाइक पर पीछे बैठे युवक से 259 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

दिल्ली से मेवात होते हुए पहुंच रहे थे भिवाड़ी

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी दिल्ली से बाइक पर स्मैक लेकर मेवात होते हुए चौपानकी औद्योगिक क्षेत्र की तरफ आ रहे थे और यहां ग्राहकों को सप्लाई करने वाले थे। इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें धर लिया।

एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह खेप उन्हें कहां से मिली और आगे किसे सप्लाई की जानी थी।

 

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 6 3 2 1
Users Today : 105
Total Users : 4563219
Views Today : 121
Total views : 4579511
Read More