
ncrkhabar@Bhiwadi. पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को मजबूत करते हुए एम.पी.एस. इंटरैक्ट क्लब की ओर से मॉर्डन पब्लिक स्कूल परिसर में पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति संरक्षण के महत्व को व्यवहारिक रूप से समझाना रहा। अभियान के दौरान विद्यालय परिसर में विभिन्न प्रजातियों के छायादार व फलदार पौधे लगाए गए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधरोपण करते हुए उन्हें संरक्षित रखने का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में बच्चों को बताया गया कि बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते वन क्षेत्र को देखते हुए पौधरोपण आज की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य पी.के. साजू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पौधे केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते, बल्कि मानव जीवन को संतुलित बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे, तो पर्यावरण संतुलन को काफी हद तक सुधारा जा सकता है। मुख्याध्यापिका जसवंत कौर सिक्का ने कहा कि ऐसे अभियान विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं और उन्हें प्रकृति से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे पौधों को केवल लगाएं ही नहीं, बल्कि उनका संरक्षण भी करें। एम.पी.एस. इंटरैक्ट क्लब की अध्यक्ष चारवी सारिया एवं सचिव दीपिका ने रोटरी क्लब भिवाड़ी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्लब के सहयोग से विद्यार्थियों को सेवा और सामाजिक कार्यों से जुड़ने की प्रेरणा मिल रही है। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प दोहराया।



Post Views: 313
Users Today : 193
Total Users : 4575943
Views Today : 240
Total views : 4596807



