

ncrkhabar@Bhiwadi.जिले में रक्षा विनिर्माण से जुड़ी औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, भिवाड़ी की ओर से बीएमए सभागार में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य जिले की एमएसएमई इकाइयों, विशेष रूप से ऑटोमोबाइल पार्ट्स एवं इससे जुड़े उत्पादों का निर्माण करने वाले उद्योगों को विस्तार एवं विविधिकरण के माध्यम से रक्षा विनिर्माण क्षेत्र से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के रक्षा उत्पादन विभाग से निदेशक पीयूष कुमार, सी4आई4 लैब्स से अनुजा अरोड़ा, वाणिज्य एवं सीएसआर के अतिरिक्त आयुक्त पी.एन. शर्मा, सहायक आयुक्त सुभाष मान तथा जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र भिवाड़ी के महाप्रबंधक सी.एम. गुप्ता उपस्थित रहे।
राजस्थान बनेगा एयरोस्पेस व डिफेंस हब
कार्यशाला में बताया गया कि यह प्रस्तुति राजस्थान सरकार के निवेश संवर्धन ब्यूरो (बीआईपी) द्वारा तैयार की गई है, जिसका उद्देश्य उद्योगपतियों को राज्य में एयरोस्पेस एवं डिफेंस सेक्टर में उपलब्ध निवेश अवसरों एवं नीतिगत प्रोत्साहनों की जानकारी देना है। राजस्थान सरकार की नई एयरोस्पेस एवं डिफेंस नीति–2026 राज्य को रक्षा और एयरोस्पेस निर्माण का उभरता हुआ केंद्र बनाने की दिशा में केंद्रित है। मजबूत औद्योगिक आधारभूत संरचना, कुशल मानव संसाधन, रणनीतिक भौगोलिक स्थिति और आकर्षक प्रोत्साहन पैकेज निवेशकों के लिए बड़े अवसर उपलब्ध करा रहे हैं।
सृजन पोर्टल से मिलेगा MSME को लाभ
कार्यशाला में सृजन पोर्टल की विस्तृत जानकारी दी गई। यह पोर्टल भारत सरकार के रक्षा उत्पादन विभाग द्वारा शुरू किया गया एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसका उद्देश्य रक्षा उपकरणों, पुर्जों एवं स्पेयर पार्ट्स के स्वदेशी निर्माण को बढ़ावा देना है। यह पहल आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया अभियान के अंतर्गत उद्योगों को रक्षा क्षेत्र से सीधे जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रही है।
सी4आई4 लैब से इंडस्ट्री 4.0 को मिलेगा बढ़ावा
सी4आई4 लैब, पुणे को भारत सरकार के भारी उद्योग मंत्रालय द्वारा सेक्शन-8 कंपनी के रूप में स्थापित किया गया है। यह समर्थ उद्योग पहल का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य भारतीय मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को इंडस्ट्री 4.0, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, आईओटी और डेटा टेक्नोलॉजी के माध्यम से डिजिटल, स्मार्ट और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाना है। विशेष रूप से एमएसएमई इकाइयों को तकनीकी रूप से सशक्त करने पर फोकस किया जा रहा है।
बड़ी संख्या में उद्योग प्रतिनिधि रहे मौजूद
कार्यशाला में रीको-1 के वरिष्ठ क्षेत्रीय प्रबंधक शिव कुमार, बीएमए अध्यक्ष चौ. जसबीर सिंह राणा, पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र चौहान, मानद सचिव जी.एल. स्वामी व योगेश जैन, कोषाध्यक्ष नरेश कुमार गोयल, उपाध्यक्ष गोविंद चांदना, उप-कोषाध्यक्ष गोविंद गुप्ता, मानद संयुक्त सचिव सुखदेव सिंह सहित जिले के सैकड़ों उद्योग प्रतिनिधि, उद्यमी एवं औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।




Users Today : 78
Total Users : 4563192
Views Today : 89
Total views : 4579479



