

Business@ncrkhabar.com-Newdelhi. ऑटो कंपोनेंट सेक्टर की जानी-मानी कंपनी Shriram Pistons & Rings Limited ने अपनी कॉरपोरेट पहचान बदलने का फैसला किया है। दिसंबर तिमाही के नतीजों को लेकर हुई बोर्ड बैठक में कंपनी के नाम परिवर्तन समेत कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।Shriram Pistons & Rings Limited अब भविष्य में “SPR Auto Technologies Limited” के नाम से जानी जाएगी। कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने सोमवार को हुई बैठक में नाम परिवर्तन के प्रस्ताव को मंजूरी दी। यह बैठक दिसंबर तिमाही के वित्तीय नतीजों की घोषणा के लिए आयोजित की गई थी। कंपनी का कहना है कि यह कदम उसके ब्रांडिंग और भविष्य के विस्तार की रणनीति का हिस्सा है। नया नाम सिर्फ पिस्टन और रिंग्स तक सीमित नहीं बल्कि ऑटोमोटिव टेक्नोलॉजी और अन्य पार्ट्स के निर्माण और वितरण की दिशा में कंपनी के दृष्टिकोण को दर्शाता है। हालांकि, नाम परिवर्तन अभी तक शेयरधारकों और नियामक संस्थाओं की मंजूरी पर निर्भर है। कंपनी का उद्देश्य इस बदलाव के माध्यम से नए प्रोडक्ट्स, तकनीकी नवाचार और व्यापक ऑटोमोटिव बाजार में प्रवेश को सशक्त बनाना है। SPR Auto Technologies नाम कंपनी की भविष्य की वृद्धि और निवेशकों के आकर्षण के लिए एक रणनीतिक कदम है।
बैठक में पांच रुपए के अंतरिम लाभांश देने का लिया निर्णय
इसी बैठक में बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 5 रुपये प्रति शेयर (50%) अंतरिम डिविडेंड देने का भी निर्णय लिया। इसके लिए रिकॉर्ड डेट 6 फरवरी 2026 तय की गई है। पात्र निवेशकों को डिविडेंड का भुगतान 3 मार्च 2026 या उससे पहले किया जाएगा।
10,000 मिलियन रुपये तक के NCD जारी करने की मंजूरी
कंपनी ने 100,000 सुरक्षित, रेटेड और सूचीबद्ध नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर्स (NCDs) जारी करने की योजना को भी हरी झंडी दी है। प्रत्येक NCD का फेस वैल्यू 1,00,000 रुपये होगा और कुल इश्यू साइज 10,000 मिलियन रुपये तक हो सकता है। यह इश्यू निजी प्लेसमेंट के जरिए एक या अधिक चरणों में लाया जाएगा।
MOA और AOA में संशोधन
बोर्ड ने कंपनी के मेमोरेंडम ऑफ एसोसिएशन (MOA) और आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन (AOA) में बदलाव और नए दस्तावेज़ अपनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है। इन प्रस्तावों पर अंतिम फैसला शेयरधारकों की सहमति के बाद लिया जाएगा, जिसके लिए पोस्टल बैलेट कराया जाएगा।
भिवाड़ी के पथरेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित है कंपनी का प्लांट
गौरतलब है कि Shriram Pistons & Rings Limited का एक प्रमुख प्लांट भिवाड़ी के पथरेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित है, जिससे कंपनी का यह फैसला एनसीआर क्षेत्र के औद्योगिक विकास से भी जुड़ा हुआ माना जा रहा है।


Users Today : 192
Total Users : 4575942
Views Today : 239
Total views : 4596806



