

ncrkhabar@NewDelhi/Bhiwadi. खुशखेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया में अवैध रूप से संचालित पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी खैरथल-तिजारा ने राज्य सरकार से दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। जिलाध्यक्ष बलराम यादव के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एडीएम भिवाड़ी सुमित्रा मिश्र को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया कि अवैध रूप से संचालित फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण हुए विस्फोट में कई मजदूरों की मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हुए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक निगरानी की कमी के कारण यह हादसा हुआ और अब तक दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। पार्टी ने फैक्ट्री मालिक, संचालक और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या सहित कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि दूसरी अवैध फैक्ट्री के खुलासे के दौरान धरने पर बैठे कार्यकर्ताओं के साथ टपूकड़ा तहसीलदार ने अभद्र व्यवहार किया। ऐसे में संबंधित अधिकारी को तत्काल निलंबित करने की मांग की गई।
ज्ञापन में मृतकों के परिजनों को घोषित तीन लाख रुपये मुआवजा अपर्याप्त बताते हुए अधिक आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी/रोजगार, घायलों का निशुल्क उपचार तथा औद्योगिक क्षेत्रों में अवैध इकाइयों पर नियमित सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग रखी गई।
ज्ञापन सौंपने वालों में युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पवन खटाना, एनएसयूआई अध्यक्ष देवेंद्र भिदुड़ी, कांग्रेस नेता ईमरान खान के निजी सचिव परवेज अहमद, दयाराम सरपंच, विजय पटेल, असगर पार्षद, शकील पार्षद नाखनौल, खुर्शीद मास्टर, कल्लू मायापुर, जाबिर सहित अन्य पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Users Today : 198
Total Users : 4575948
Views Today : 245
Total views : 4596812



