
ncrkhabar@Bhiwadi.औद्योगिक क्षेत्र में शांति, स्थिरता और उत्पादन की निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से भिवाड़ी इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल एसोसिएशन (बीआईआईए) द्वारा काहरानी स्थित बीआईआईए हाउस में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों और उद्योग प्रतिनिधियों ने मिलकर औद्योगिक सौहार्द, श्रमिक-नियोक्ता समन्वय और प्रशासनिक सहयोग को मजबूत करने पर जोर दिया।
बैठक की अध्यक्षता बीआईआईए के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बी.एम. अग्रवाल ने की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल साहू, उपखंड अधिकारी लखन सिंह गुर्जर, उप श्रम आयुक्त प्रज्ञा शर्मा और उप पुलिस अधीक्षक कैलाश चौधरी सहित प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही एसोसिएशन के पदाधिकारी और विभिन्न औद्योगिक इकाइयों से करीब 90 प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अतुल साहू ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों और भ्रामक खबरों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि केवल सरकारी आदेश और आधिकारिक सूचनाएं ही मान्य होंगी। उन्होंने प्रशासन की निष्पक्षता पर भरोसा जताते हुए श्रमिकों और प्रबंधन के बीच संवाद बनाए रखने की आवश्यकता बताई।
उपखंड अधिकारी लखन सिंह गुर्जर ने कहा कि विद्युत आपूर्ति से संबंधित चुनौतियों का समाधान समन्वय और धैर्य से संभव है। उन्होंने उद्योगों द्वारा श्रमिकों को बेहतर वेतन देने के प्रयासों की सराहना की और औद्योगिक सौहार्द बनाए रखने पर बल दिया।
उप श्रम आयुक्त प्रज्ञा शर्मा ने श्रमिक हितों की सुरक्षा के लिए नियमित संवाद और समूह बैठकों को जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि समय रहते बातचीत से किसी भी विवाद का समाधान आसानी से किया जा सकता है। वहीं उप पुलिस अधीक्षक कैलाश चौधरी ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए उद्योग और प्रशासन के बीच लगातार समन्वय की आवश्यकता पर जोर दिया।
बैठक में फैक्ट्री गेट पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, अफवाहों से दूर रहने, श्रमिकों के साथ सकारात्मक संबंध बनाए रखने और किसी भी विवाद की तुरंत जानकारी प्रशासन को देने जैसे सुझाव दिए गए। बीआईआईए की ओर से सभी अधिकारियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया और औद्योगिक क्षेत्र में शांति एवं विकास के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया गया।

Users Today : 274
Total Users : 147797
Views Today : 328
Views This Year : 63199
Total views : 235619



