भिवाड़ी में श्रमिकों के मुद्दे को लेकर बीएमए पदाधिकारियों व अधिकारियों के बीच हुई आपात बैठक, वेतन नीति और औद्योगिक समाधान को लेकर हुई चर्चा

SHARE:

Business@ncrkhabar. com-Bhiwadi. भिवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्रों में बढ़ते श्रमिक मुद्दों और वेतन विवादों को लेकर भिवाड़ी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (बीएमए) ने आपात बैठक आयोजित की। बैठक में श्रम विभाग की उप-आयुक्त प्रज्ञा शर्मा और कारखाना एवं बॉयलर निरीक्षण विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक जगमोहन मीणा उपस्थित रहे। बीएमए अध्यक्ष चौधरी जसबीर सिंह राणा और पूर्व अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह चौहान ने अधिकारियों का स्वागत करते हुए मौजूदा औद्योगिक स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।
बीएमए अध्यक्ष चौधरी जसबीर सिंह राणा ने बताया कि हाल के दिनों में वेतन वृद्धि, समान कार्य के लिए समान वेतन और ठेका श्रमिकों के वेतन सुधार की मांग को लेकर श्रमिकों के प्रदर्शन तेज हुए हैं। इसका असर भिवाड़ी के औद्योगिक माहौल पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अधिक वेतन, बेहतर ट्रांसपोर्ट और आवास सुविधाओं के कारण श्रमिकों का पलायन तेजी से बढ़ रहा है, जिससे स्थानीय उद्योगों में मैनपावर की कमी और उत्पादन पर असर देखने को मिल रहा है।
बैठक में बीएमए ने प्रशासन के समक्ष मैनपावर रिटेंशन पॉलिसी, ट्रांसपोर्ट सब्सिडी, मैनपावर पूलिंग सिस्टम और इंडस्ट्री कोऑर्डिनेशन सेल बनाने की मांग रखी। साथ ही श्रमिक आंदोलनों के दौरान पुलिस और प्रशासन के त्वरित सहयोग, अफवाहों पर नियंत्रण और बाहरी यूनियनों के हस्तक्षेप को रोकने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
बीएमए पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते स्थिति को नियंत्रित नहीं किया गया तो औद्योगिक हड़ताल, उत्पादन ठप होने और कानून-व्यवस्था बिगड़ने जैसी गंभीर स्थितियां पैदा हो सकती हैं। इसको लेकर प्रशासन से अल्पकालिक, मध्यम अवधि और दीर्घकालिक उपाय लागू करने की मांग की गई, जिसमें पुलिस निगरानी बढ़ाना, वेतन अंतर की समीक्षा, इंडस्ट्री कोऑर्डिनेशन कमेटी का गठन और श्रमिकों के लिए आवास व परिवहन सुविधाओं में सुधार शामिल हैं। बैठक में बीएमए के मानद सचिव जी.एल. स्वामी, योगेश जैन, गोबिंद गुप्ता, रणधीर सिंह, राजबीर सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। बीएमए ने प्रशासन से त्रिपक्षीय संवाद मंच (प्रशासन, उद्योग और श्रमिक) स्थापित कर स्थायी समाधान निकालने की अपील की।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 8 0 0 4
Users Today : 2
Total Users : 4580046
Views Today : 11
Total views : 4602097
Read More