
Ncrkhabar@Bhiwadi.औद्योगिक क्षेत्र फेज-एक स्थित गिरधर रोलरेप प्राइवेट लिमिटेड में शनिवार रात भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग रात करीब 9:30 बजे लगी और कुछ ही देर में पूरी फैक्ट्री इसकी चपेट में आ गई। फैक्ट्री में प्लास्टिक दाना और प्लास्टिक पैकेजिंग सामग्री का निर्माण किया जाता है। फैक्ट्री परिसर में मौजूद कैमिकल और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रही थीं। घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही भिवाड़ी नगर परिषद और रीको फायर विभाग की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए शुरुआती प्रयास नाकाफी साबित हुए। स्थिति गंभीर होने पर तिजारा, खैरथल, खुशखेड़ा, किशनगढ़बास सहित आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों से अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। इसके अलावा हरियाणा के रेवाड़ी, धारूहेड़ा और नूंह से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब 14 दमकल गाड़ियों ने देर रात तक आग बुझाने का अभियान चलाया। दमकल कर्मियों ने 35 से अधिक फेरे लगाकर आग पर आंशिक नियंत्रण पाया।

अग्निशमन व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के दौरान भिवाड़ी की अग्निशमन व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई। औद्योगिक क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की लागत से खरीदी गई हाईराइज अग्निशमन वाहन पिछले कई महीनों से खराब बताई जा रही है। स्थानीय उद्योगपतियों का कहना है कि यदि यह वाहन चालू हालत में होती तो आग पर जल्दी नियंत्रण पाया जा सकता था और नुकसान कम होता।
राहत व बचाव कार्य में जुटा रहा प्रशासन
घटनास्थल पर अतिरिक्त जिला कलक्टर सुमित्रा मिश्रा सहित प्रशासनिक अधिकारी देर रात तक मौजूद रहे। भिवाड़ी थाना एसएचओ सचिन शर्मा अपनी टीम के साथ राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आग पर पूरी तरह नियंत्रण मिलने के बाद ही आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी।फिलहाल इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन फैक्ट्री में करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच शुरू करने की बात कही गई है।

Users Today : 192
Total Users : 4575942
Views Today : 239
Total views : 4596806



