
Crime@ncrkhabar. com-Bhiwadi.अलवर बायपास रोड स्थित एवलॉन रॉयल प्लाजा में संचालित कुछ स्पा एवं मसाज सेंटरों की गतिविधियों को लेकर स्थानीय व्यापारियों और सोसायटी निवासियों ने नाराजगी जताते हुए पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। सोमवार को पार्षद अमित नाहटा, रॉयल प्लाजा वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष विनोद यादव, सचिव डॉ. मंजीत शर्मा, नेतराम गोयल, योगेश गुप्ता, सुनील यादव, यशवंत लखानी, अनीता सिराधना, मंजू शर्मा, वी.के. शर्मा, नेमीचंद, के.पी. सिंह सहित सहित अन्य व्यापारियों ने भिवाड़ी पुलिस अधीक्षक बृजेश उपाध्याय को ज्ञापन सौंपकर मामले में जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कुछ स्पा सेंटरों में संदिग्ध एवं अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिससे क्षेत्र का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों का कहना है कि एवलॉन रॉयल प्लाजा मुख्य रूप से रिहायशी सोसायटी और परिवारों की सुविधाओं को ध्यान में रखकर विकसित किया गया था, लेकिन कुछ स्पा सेंटरों की वजह से महिलाओं और परिवारों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
रॉयल प्लाजा वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों ने बताया कि कॉम्प्लेक्स में आने-जाने वाले कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा शोर-शराबा और अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। इससे न केवल सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है, बल्कि व्यापार पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है। दुकानदारों ने बताया कि ग्राहकों की संख्या में कमी आई है और कई व्यापारियों को आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि स्पा सेंटरों की नियमित जांच और निगरानी की जाए तथा यदि किसी प्रकार की अवैध गतिविधियां सामने आती हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस दौरान एसपी बृजेश उपाध्याय ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इससे पूर्व स्थानीय पार्षद अमित नाहटा की मौजूदगी में व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रशासन से स्पा सेंटरों की जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कदम उठाने की मांग की गई।


Users Today : 16
Total Users : 4546582
Views Today : 19
Total views : 4558799


