Khairthal-Tijara News: शांति समिति की बैठक में जिला कलक्टर बोले- अफवाहों से बचें और सौहार्द के साथ मनाएं त्योहार

SHARE:

Ncrkhabar@Bhiwadi.आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से भिवाड़ी में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने की। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए जिला कलक्टर अतुल प्रकाश ने कहा कि त्योहार सामाजिक समरसता, भाईचारे और एकता के प्रतीक हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से आपसी सौहार्द बनाए रखते हुए मिल-जुलकर त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या गलतफहमी से प्रभावित हुए बिना समाज में शांति और सद्भाव बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। जिला कलक्टर ने कहा कि क्षेत्र की गंगा-जमुनी तहजीब हमारी सांस्कृतिक विरासत है और इसे बनाए रखने के लिए सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट जानकारियों पर विश्वास नहीं करने की सलाह दी।

संवेदनशील इलाकों में रहेगी विशेष निगरानी

बैठक में पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि आगामी त्योहारों के दौरान जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जाएगा ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। उन्होंने आमजन से सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक, भड़काऊ या अपुष्ट सूचना को साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही एआई (Artificial Intelligence) के माध्यम से तैयार किए जा रहे फर्जी फोटो, वीडियो और अन्य भ्रामक कंटेंट से सतर्क रहने की सलाह दी।

प्रशासन को सहयोग का भरोसा

बैठक में शांति समिति के सदस्यों एवं विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। सभी ने आगामी त्योहारों को भाईचारे, शांति और सौहार्द के वातावरण में मनाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर शिवपाल जाट, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता ओमप्रकाश किराड़, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अतिरिक्त अभियंता धर्मवीर यादव, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता रतनलाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों से चर्चा करते जिला कलक्टर अतुल प्रकाश व एसपी बृजेश उपाध्याय।

Leave a Comment

Our Visitor

4 5 6 3 1 7
Users Today : 65
Total Users : 4563179
Views Today : 72
Total views : 4579462
Read More